डीएम मनीष ने की मुख्यमंत्री संस्कृति संवर्धन किट भेंट
चम्पावत। (लोक निर्णय)जिले में “नशा मुक्त भारत” अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में “मुख्यमंत्री संस्कृति संवर्धन पहल – कला, परंपरा और पहचान” एवं “नशा मुक्त भारत, नशा मुक्त देवभूमि” अभियान के अंतर्गत जनपद के प्रमुख आस्था केंद्रों—छतार स्थित राम मंदिर, लोहाघाट स्थित देवीधार तथा झूमाधुरी मंदिर में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मुख्यमंत्री संस्कृति संवर्धन किट भेंट की।यह पहल जनपद में सांस्कृतिक परंपराओं, आध्यात्मिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी को एक सूत्र में जोड़ते हुए युवाओं को नशे से दूर रखने तथा समाज में व्यापक जनजागरूकता फैलाने हेतु संचालित की जा रही है।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राम मंदिर, देवीधार और झूमाधुरी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर जनपद की सुख-समृद्धि, शांति और सतत विकास की कामना की।उन्होंने मंदिर परिसरों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं मंदिर समिति के पदाधिकारियों से संवाद किया। इस दौरान प्राप्त समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
झूमाधुरी मंदिर परिसर में युवाओं द्वारा संस्कृति संवर्धन किट में उपलब्ध वाद्य यंत्रों के साथ भजन के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री संस्कृति संवर्धन पहल” के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक, शैक्षिक एवं सामुदायिक संस्थानों को संस्कृति संवर्धन किट प्रदान की जा रही हैं। इन किटों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक पुस्तकें, पारंपरिक वाद्य यंत्र तथा नशा मुक्ति से संबंधित जनजागरूकता सामग्री शामिल है। इन माध्यमों से युवाओं को अपनी जड़ों, लोक परंपराओं और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक बनाया जा रहा है।कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज—तीनों के भविष्य को प्रभावित करता है। यह न केवल स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है, बल्कि सामाजिक ताने-बाने को भी कमजोर करता है। इसलिए आवश्यक है कि नशा मुक्ति का संदेश केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। धार्मिक स्थलों से दिया गया यह संदेश युवाओं में सकारात्मक जीवन मूल्यों को प्रोत्साहित करता है और उन्हें नशे से दूर रहने की प्रेरणा देता है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित संत-महात्माओं और मंदिर प्रतिनिधियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक अनुकरणीय प्रयास बताया तथा नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर सतीश पांडे, भैरव राय, खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे।




