टनकपुर बैराज की सुरक्षा के लिए व्यापारियों से अपील
चम्पावत ।पूर्णागिरि मेले के दौरान टनकपुर बैराज रोड पर अस्थायी दुकानों के संचालन को लेकर उठे विषय पर एनएचपीसी टनकपुर पावर स्टेशन के महाप्रबंधक (जीएम) ऋषि रंजन आर्य ने प्रबंधन की स्थिति स्पष्ट की है।उन्होंने कहा कि एनएचपीसी का उद्देश्य किसी भी व्यापारी की आजीविका को प्रभावित करना नहीं है, बल्कि टनकपुर बैराज एवं बांध की मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। आर्य ने बताया कि लगभग 30 वर्ष पुराने टनकपुर बैराज एवं बांध की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वर्तमान में विशेष मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य उच्च प्रबंधन के निर्देशों तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों (सेफ्टी नॉर्म्स) के अनुरूप संचालित किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि बैराज की संवेदनशीलता और वर्तमान में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के कारण टनकपुर बैराज के मुख्य गेट के आसपास अस्थायी मेला दुकानों का संचालन फिलहाल संभव नहीं है। सुरक्षा की दृष्टि से इस क्षेत्र को खाली रखना अत्यंत आवश्यक है।एनएचपीसी प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि व्यापारी टनकपुर नगर क्षेत्र में, एनएचपीसी गेट के बाहर निर्धारित स्थानों पर दुकानें स्थापित करते हैं तो प्रबंधन को इस पर कोई आपत्ति नहीं होगी।महाप्रबंधक ने स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बैराज और बांध की सुरक्षा पूरे क्षेत्र की सुरक्षा से जुड़ी हुई है, इसलिए सुरक्षा मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता।





