जिलाधिकारी ने सारा के अंतर्गत स्वीकृत नौले-धारों सहित रिचार्ज पिट, चाल-खाल, चेकडैम व गली प्लग के कार्यों की समीक्षा की
चम्पावत । (लोक निर्णय)जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आज स्प्रिंग एंड रिवर रिजूविनेशन अथॉरिटी (सारा) के अंतर्गत स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के पुनर्जीवन से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्वक एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने सारा के अंतर्गत स्वीकृत नौले-धारों के कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिचार्ज पिट, चाल-खाल, चेकडैम, गली प्लग एवं असिस्टेड नेचुरल रिचार्ज (एएनआर) से संबंधित कार्यों में भी तेजी लाने को कहा।जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, लघु सिंचाई को जल संरक्षण से संबंधित कार्यों का नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करने तथा कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को भी कहा।‘एक जनपद-एक नदी’ के अंतर्गत चयनित गौड़ी नदी परियोजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को लंबित कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं कालसन-भोलेश्वर परियोजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी कार्य गुणवत्तापरक एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा।जिलाधिकारी ने ‘जल संचय, जन भागीदारी’ अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रगति को नियमित रूप से पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के पुनर्जीवन के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग जल संरक्षण के प्रयासों से जुड़ सकें।बैठक में डीएफओ ढिनो पुरुषोत्तमन, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई विमल कुमार सूंठा, वर्चुअल माध्यम से बीडीओ पाटी मोनिका पाल सहित विकासखंड चम्पावत एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





