जिलाधिकारी ने पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की
चंपावत।(लोक निर्णय) जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिला कार्यालय सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की।उन्होंने निर्वाचक नामावली के सूक्ष्म मिलान एवं पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची ही निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन की आधारशिला है। उन्होंने निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी।जिलाधिकारी ने समस्त नोडल अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) को निर्देशित किया कि औपचारिक घोषणा से पूर्व ही मतदाता सूची का गहन परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से बीएलओ (BLO) के माध्यम से प्रत्येक मतदेय स्थल का भौतिक सत्यापन कराने तथा घर-घर जाकर मतदाताओं का विवरण अद्यतन करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य ऐसे सभी को सूची में शामिल करना है, जो एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। साथ ही मृतक, स्थानांतरित एवं दोहरी प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाकर एक पारदर्शी एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करने पर विशेष बल दिया गया।निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सुगम एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए जिलाधिकारी ने Voter Helpline App एवं ऑनलाइन पंजीकरण माध्यमों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वीप (SVEEP) गतिविधियों के माध्यम से जन-जागरूकता बढ़ाने तथा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर बूथ स्तर पर पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समयसारिणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयास एवं समयबद्ध कार्यप्रणाली के माध्यम से जनपद चम्पावत में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को एक आदर्श मॉडल के रूप में सफलतापूर्वक संपन्न किया जाएगा।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी नीतू डांगर, अनुराग आर्या सहित सभी तहसीलदार, नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





