जानें, म्यर पहाड़ व पंत विवि के बीच क्यों हुआ एमओयू
पंतनगर:गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं तकनीकी विश्वविद्यालय पंतनगर के कुलपति डॉ. मनमोहन चौहान के निर्देशन में डायरेक्टर रिसर्च डॉ. सुभाष चंद्रा ने शुक्रवार को व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप व्यवहारिक बनाने के लिए सामाजिक – सांस्कृतिक संस्था “क्रिएटिव उत्तराखंड – म्यर पहाड़” के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इससे कृषि,हेल्थकेयर, बैंकिंग, सॉफ्टवेयर, तकनीकी और रिसर्च मैनेजमेंट जैसे रोजगारपरक व्यावसायिक कोर्स करने वाले विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से जुड़े विशेषज्ञों के अनुभवों का लाभ मिलेगा। उद्योगों की जरूरत को समझते हुए समय समय पर आधुनिक तकनीक को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा।पंत विवि द्वारा लिए गए नए अनुसंधान को पहाड़ के किसानों तक पहुंचाने का काम करेगी। पहाड़ में बद्री गाय पालन व मोरिंगा प्लांटेशन को बढ़ावा देगी। संस्था के अध्यक्ष दयाल पांडे ने बताया कि इस प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय से पढ़े हुए छात्र देश – विदेश में रहते हुए अपने अनुभवों का लाभ वर्तमान विद्यार्थियों को देना चाहते हैं। उनकी संस्था कोशिश करेगी कि ऐसे प्रवासी लोगों को उनके पेशे के अनुसार विद्यार्थियों के साथ जोड़ा जाए। यह संस्था पहाड़ में तकनीकी कृषि,लोकभाषा संरक्षण, डिजिटलाइजेशन, संस्कृति संवर्धन, डॉक्यूमेंटेशन और पढ़ने लिखने की संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य 20 साल से निरंतर कर रही है।





