चल्थी-नौलापानी मार्ग के सुधारीकरण को 754.47 लाख की वित्तीय स्वीकृति
चंपावत। (लोक निर्णय)मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार जन-आकांक्षाओं को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले ‘चल्थी-नौलापानी मार्ग (पीएमजीएसवाई.)’ के सुधारीकरण कार्य हेतु नियोजन विभाग की टी.ए.सी. द्वारा औचित्यपूर्ण पायी गई कुल 754.47 लाख की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के सफल संचालन हेतु चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य आकस्मिकता निधि से प्रथम किश्त के रूप में 262.304 लाख (दो करोड़ बासठ लाख तीस हजार चार सौ रुपये) की धनराशि को स्वीकृति के उपरांत अवमुक्त कर दिया गया है।मुख्यमंत्री के इस निर्णय से स्थानीय क्षेत्र के परिवहन ढांचे में व्यापक सुधार होगा और ग्रामीणों को सुगम आवाजाही की सुविधा मिलेगी।शासन द्वारा प्रथम किश्त की धनराशि जिलाधिकारी के निवर्तन पर रखी गई है।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित विभाग को निर्देशित किया है कि वे गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप जनपद में विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चल्थी-नौलापानी मार्ग इस क्षेत्र की लाइफलाइन है और इसके सुधारीकरण से न केवल यातायात सुदृढ़ होगा, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा।





