चंपावत डीएम ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण
चंपावत।(लोक निर्णय)जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आज जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन एमआरआई (MRI) कक्ष के सिविल कार्यों का जायजा लिया और संबंधित कार्यदायी संस्था व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन एमआरआई कक्ष के ले-आउट और अब तक हुए कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता के मानकों का पूर्ण पालन किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए ताकि जल्द से जल्द एमआरआई मशीन स्थापित कर आम जनमानस को इसका लाभ मिलना शुरू हो सके। समय पर कार्य पूर्ण होने से जनपद के मरीजों को उच्च स्तरीय जांच के लिए बाहर के शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि जिला चिकित्सालय में एमआरआई सुविधा उपलब्ध होना चम्पावत की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा। इससे न केवल आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को निःशुल्क या सस्ती दरों पर जटिल जांचों की सुविधा मिलेगी, बल्कि गंभीर बीमारियों के सटीक निदान में भी सहायता मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के अभियंता और चिकित्सालय स्टाफ उपस्थित रहा।





