किच्छा बाईपास पर बनेगा नया वेंडिंग जोन
रुद्रपुर। रुद्रपुर को एक आदर्श मॉडल सिटी के रूप में स्थापित करने के अपने संकल्प को दोहराते हुए महापौर विकास शर्मा ने सोमवार को प्रशासनिक अमले के साथ शहर के विभिन्न कोनों का निरीक्षण किया। साथ ही निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा की और भविष्य की उन बड़ी योजनाओं की रूपरेखा भी तैयार की।।जिनका लोकार्पण और शिलान्यास 14 फरवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रस्तावित है। बस टर्मिनल के पुराने कार्यालयों की शिफ्टिंग न होने के कारण विद्युत पोल नहीं हटाए जा सके हैं। जिससे हाईवे निर्माण की गति धीमी पड़ गई है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए महापौर ने मौके पर ही परिवहन निगम और ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की। उन्होंने परिवहन निगम को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालय को तत्काल शिफ्ट करें।जिससे जनहित में बन रहे हाईवे का कार्य बाधित न हो। अधिकारियों ने जल्द ही इसे पूरा करने का आश्वासन दिया।महापौर ने किच्छा बाईपास पर जेसीज स्कूल के समीप वेंडिंग जोन के लिए प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि रोडवेज परिसर के बाहर निर्माणाधीन बस टर्मिनल की जद में आने के कारण हटाई जा रही दुकानों को यहां सम्मानजनक और सुरक्षित स्थान दिया जाएगा। दो मंजिला हाईटेक शौचालय और पार्क की सौगात सब्जी मंडी के समीप हाईवे चौड़ीकरण की जद में आ रहे पुराने शौचालय को लेकर भी महापौर ने ठोस योजना बनाई ।महापौर ने कहा कि 14 फरवरी को होने वाले भव्य कार्यक्रम में त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया जाएगा, जो शहर की पहचान बनेगा। साथ ही, दशकों से बंद पड़ी नैनीताल हाईवे से आदर्श कॉलोनी घास मंडी जाने वाली सड़क को पुनः खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिसका शिलान्यास स्वयं मुख्यमंत्री करेंगे। इसके अलावा गोशाला का लोकार्पण एवं कई अन्य विकास कार्य सीएम धामी जनता को समर्पित करेंगे।




