करीब 16 किलोमीटर पैदल चलकर डीएम मनीष ने नेपाल सीमा के सील-बरुड़ी गांव में लगाई चौपाल
चम्पावत। (लोक निर्णय) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर संचालित ‘जन-जन की सरकार, सेवा पखवाड़ा’ अभियान के तहत जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आज विकासखंड बाराकोट के नेपाल सीमा से सटे दुर्गम ग्राम सील-बरुड़ी का निरीक्षण किया। लगभग 15 से 16 किलोमीटर कठिन पैदल यात्रा कर गांव पहुंचे जिलाधिकारी ने जन चौपाल और रात्रि चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इसकी जिले में लोग तारीफ कर रहे हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि सीमांत एवं दुर्गम क्षेत्रों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रतिकूल मौसम और रेड अलर्ट के कारण प्रस्तावित शिविर आयोजित नहीं हो सका, लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के आग्रह पर अधिकारियों की टीम गांव पहुंची और मौके पर ही समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया शुरू की गई। चौपाल में ग्रामीणों से पेंशन, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का फीडबैक लिया गया और अधिकारियों को सभी पात्र लोगों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश दिए।ग्रामीणों ने गांव तक सड़क निर्माण की मांग उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने मौके से मुख्य अभियंता यूआरआरडीए से वार्ता कर जानकारी ली। बताया गया कि 22.4 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए करीब 23 करोड़ रुपये की डीपीआर भारत सरकार को भेजी जा चुकी है और स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान ‘ज्ञान सेतु’ सहित अन्य विकास कार्यों का भी सत्यापन किया गया।इसी दौरान समाज कल्याण विभाग ने चार दिव्यांग लाभार्थियों को निःशुल्क श्रवण यंत्र वितरित किए। स्वास्थ्य विभाग के शिविर में 55 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित की गईं, जबकि 30 लोगों की शुगर और रक्तचाप की जांच भी की गई। जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सील-बरुड़ी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की तथा गुणवत्तापूर्ण सेवाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।रात्रि चौपाल में किसान सम्मान निधि, विद्युत पोल और राशन कार्ड जैसी समस्याएं भी ग्रामीणों ने उठाईं, जिनके समयबद्ध समाधान के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। इस दौरान ग्राम प्रधान खड़क सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद





