चम्पावत में हीटवेव की वजह से एक सप्ताह तक रहेंगे अर्द्धदिवसीय स्कूल
चम्पावत। (लोक निर्णय)मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखण्ड के मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी एवं उष्ण लहर (हीटवेव) की संभावना व्यक्त की गई है। लगातार बढ़ते तापमान एवं अत्यधिक गर्मी को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका के मद्देनज़र जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपद चम्पावत में संचालित समस्त ग्रीष्मावकाश वाले विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों के संचालन समय में परिवर्तन संबंधी आदेश जारी किए हैं।जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेशानुसार जनपद के समस्त सरकारी एवं गैर-सरकारी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों का संचालन दिनांक 22 मई, 2026 से आगामी एक सप्ताह तक अर्द्धदिवसीय (Half Day) व्यवस्था के अंतर्गत प्रातःसात बजे से अपराह्न 11:30 बजे तक किया जाएगा।आदेश में कहा गया है कि अत्यधिक गर्मी एवं हीटवेव के प्रभाव से बच्चों को निर्जलीकरण (Dehydration) सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों से बचाने हेतु यह निर्णय लिया गया है। वहीं शीतावकाश वाले विद्यालयों का संचालन शासन द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूर्ववत संचालित होगा।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उक्त आदेश का जनपद के सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।




