सीडीओ ने कार्यों में तेजी लाने को हिदायत दी
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला योजना की समीक्षा बैठक लेते हुए धीमी प्रगति वाले विभागों को कार्यो में तेजी लाने के साथ ही जनपद स्तर से अवमुक्त धनराशि को शत-प्रतिशत व्यय करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों को गुणवत्ता,पारदर्शिता व समयबद्धता के साथ पूरा करें। उन्होंने कहा कि जितने भी निर्माण कार्य चालू है उनके पहले और बाद की फोटो के साथ ही कार्य प्रगति की रिपोर्ट भी उपलब्ध कराएं। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद में संचालित 18 राजकीय विद्यालयों में दिव्यांग छात्राओं को प्रथम चरण में दी जा रही सुविधाओं को जिला समाज कल्याण अधिकारी मॉनिटरिंग करें।बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.एसके गोस्वामी,परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नफ़िल जमील, जिला पंचायत राज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल,जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध आदि मौजूद थे।





