उत्तराखंड ऊधम सिंह नगर खेती/किसानी

समाज के अंतिम छोर तक पहुंचे सहकारिता का लाभ:सीएम धामी

पंतनगर। (लोक निर्णय) गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में सहकारिता विभाग, उत्तराखंड एवं सहकार भारती, उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में लक्ष्मण राव ईनामदार ईएमपैक्स नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। 22 सितंबर तक आयोजित तीन-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ईएमपैक्स एवं सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों में नेतृत्व, प्रबंधन, वित्तीय अनुशासन एवं संस्थागत संचालन की क्षमता विकसित करने के साथ सहकारिता के माध्यम से नए व्यवसाय एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराना है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऑनलाइन संबोधित करते हुए सहकारिता को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा किसानों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने के साथ अधिक से अधिक किसानों, युवाओं और महिलाओं को सहकारिता से जोड़ना आवश्यक है। ईएमपैक्स को केवल ऋण वितरण अथवा कृषि संबंधी सीमित गतिविधियों तक केंद्रित न रखते हुए बहुउद्देशीय गतिविधियों का केंद्र बनाया जाना चाहिए। ईएमपैक्स के माध्यम से कृषि, बागवानी, डेयरी, पशुपालन, मत्स्य पालन, स्थानीय उत्पादों के प्रसंस्करण और विपणन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सकता है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर विकसित होंगे और किसानों को अपनी आर्थिक गतिविधियों के विस्तार के लिए बेहतर मंच मिलेगा। उन्होंने ईएमपैक्स और सहकारी संस्थाओं को आधुनिक तकनीक, डिजिटल सेवाओं तथा बाजार व्यवस्था से जोड़ने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को उत्पादन से लेकर विपणन तक आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए सहकारी संस्थाओं की भूमिका को और प्रभावी बनाया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम को ईएमपैक्स नेतृत्व में नई सोच, प्रबंधन क्षमता और व्यावसायिक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संस्थाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रभावी नेतृत्व जरूरी है। उन्होंने प्रशिक्षण में भाग ले रहे पदाधिकारियों से प्राप्त ज्ञान को अपने-अपने क्षेत्रों में लागू करने तथा अधिक से अधिक किसानों को सहकारी व्यवस्था से जोड़ने का आह्वान किया। सहकारिता मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य में सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने के साथ ईएमपैक्स को अधिक सक्रिय और बहुउद्देशीय बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ईएमपैक्स ग्रामीण क्षेत्र में किसानों और सहकारी व्यवस्था के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ईएमपैक्स के माध्यम से किसानों को विभिन्न सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के साथ कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े नए व्यवसाय विकसित किए जा सकते हैं। इसके लिए पारदर्शी प्रबंधन, वित्तीय अनुशासन, तकनीकी दक्षता और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करना आवश्यक है। सहकारिता के माध्यम से कृषि के साथ-साथ बागवानी, सब्जी उत्पादन, डेयरी, पशुपालन, स्वरोजगार और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा सकता है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आय के नए स्रोत विकसित होंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि ईएमपैक्स के पदाधिकारियों को केवल सहकारी समिति के संचालन तक सीमित न रहकर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध आर्थिक संभावनाओं की पहचान करनी होगी। किसानों की जरूरतों को समझते हुए उन्हें बाजार, तकनीक, प्रशिक्षण और वित्तीय सेवाओं से जोड़ने की दिशा में काम किया जाना चाहिए। सहकारिता मंत्री ने कृषि विष्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्रों और सहकारी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में विकसित कृषि तकनीक और शोध को किसानों तक पहुंचाने में कृषि विज्ञान केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। ईएमपैक्स के माध्यम से किसानों तक इन तकनीकों एवं सेवाओं की पहुंच और प्रभावी बनाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि ‘सहकार से समृद्धि’ की अवधारणा को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए सहकारी संस्थाओं में नई सोच, नवाचार, आधुनिक प्रबंधन और तकनीकी ज्ञान को बढ़ावा देना आवश्यक है।
विश्वविद्यालय के कुलपति डा. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय कृषि शिक्षा, शोध, तकनीक एवं प्रसार के माध्यम से सहकारिता क्षेत्र के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर ग्रामीण विकास में योगदान दे सकता है। उन्होंने विश्वविद्यालय-केवीके-ईएमपैक्स-किसान के बीच मजबूत समन्वय तथा ‘केवीके कनेक्ट’ जैसी पहल को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।कार्यक्रम में सहकार भारती के प्रदेश अध्यक्ष डा. विनोद कुमार गौड़ ने श्रद्धेय लक्ष्मण राव इनामदार के जीवन, व्यक्तित्व एवं सामाजिक योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लक्ष्मण राव इनामदार ने समाज में सेवा, संगठन और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने उनके विचारों, कार्यशैली तथा समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। सहकार भारती के राश्ट्रीय महामंत्री, श्री दीपक चौरसिया ने कहा कि सहकार भारती सहकारिता के माध्यम से समाज के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में पारदर्शिता, स्वावलंबन, सहभागिता और सेवा की भावना को मजबूत करना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत कार्यवाह श्री दिनेश सेमवाल ने भी अपने विचार प्रकट किये। सचिव, सहकारिता विभाग, उत्तराखण्ड सरकार डा. अहमद इकबाल ने सहकारिता की संरचना एवं कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक एवं तकनीकी सहयोग से सहकारी संस्थाओं को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, अनुसंधान और सहकारिता के समन्वित प्रयासों से किसानों एवं ग्रामीणों का आर्थिक सशक्तीकरण करते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।कार्यक्रम में ‘सहकार ग्रंथम’ स्मारिका का विमोचन, ‘देवभूमि सारथी राज्य सहकारी संघ लिमिटेड’ का अनावरण, नई सहकारिता नीति का लोकार्पण तथा सोशल मीडिया रील्स का विमोचन किया गया। प्रशिक्षण में सहकारी संस्थाओं की त्रिस्तरीय व्यवस्था, समिति गठन एवं निर्वाचन, वित्तीय प्रबंधन, लेखा परीक्षण, नाबार्ड एवं जिला सहकारी बैंकों की भूमिका तथा सहकारी संस्थाओं के व्यावसायिक विस्तार सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम का समापन 22 सितंबर को कृषि मंत्री श्री गणेश जोशी की उपस्थिति में प्रस्तावित है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के आयोजन में सहकार भारती के प्रदेश अध्यक्ष डा. विनोद कुमार गौड़ की विशेष भूमिका रही। पंतनगर विश्वविद्यालय से कार्यक्रम के संयोजक प्रभारी अधिकारी, खन्ना फार्म डा. दिनेश कुमार सिंह रहे।

locnirnay@gmail.com

locnirnay@gmail.com

About Author

You may also like

ऊधम सिंह नगर

यूएस नगर में शपथ नहीं ले पाए 99 ग्राम प्रधान, मायूस

लोक निर्णय,रुद्रपुर: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कड़े मुकाबले में प्रधान तो चुने गए, मगर कोरम पूरा न होने पर 99
ऊधम सिंह नगर

जिला जल एवं स्वच्छता मिशन बैठक – पेयजल के लिए 636.14 करोड़ स्वीकृत

लोक निर्णय,रुद्रपुर: पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री व सांसद अजय भट्ट ने चार सितंबर को कलक्ट्रेट के सभागार