विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाला गिरफ्तार
रुद्रपुर।(लोक निर्णय) ट्रांजिट कैंप कोतवाली पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कार्यालय एवं संबंधित दस्तावेजों को सील कर दिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। 24 अक्टूबर को शमशेर पुत्र रहीश अहमद, निवासी ग्राम सहदौरा, पोस्ट बरा, थाना पुलभट्टा, जनपद ऊधमसिंहनगर ने कोतवाली ट्रांजिट कैंप में तहरीर देकर बताया कि उनकी मुलाकात मो. अलीम से हुई थी। जिसने विदेश में वीजा एवं वर्क परमिट के माध्यम से नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था। वादी ने अपने पुत्र को विदेश में नौकरी दिलाने के लिए आरोपी को उसके पुत्र की कंप्यूटर डिप्लोमा मार्कशीट, पासपोर्ट तथा 20 हजार रुपये दिए थे। इसके बावजूद आरोपित ने न तो उनके पुत्र को विदेश में नौकरी के लिए भेजा और न ही वीजा, परमिट एवं शैक्षणिक दस्तावेज वापस किए। इस प्रकार विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत की गई। तहरीर के आधार पर कोतवाली ट्रांजिट कैंप में मु0 FIR संख्या 318(4) BNS एवं धारा 10/24 उत्प्रवास अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस टीम ने आरोपित मो. अलीम को उसके कार्यालय जेड ग्लोबल कैरियर इमीग्रेशन सर्विस, चार साहिबजादे चौक, आवास विकास, रुद्रपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा आरोपी के कार्यालय एवं संबंधित दस्तावेजों को सील कर दिया गया है। प्रकरण में अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है। मो. अलीम पुत्र जमील अहमद, निवासी प्रीत बिहार, रुद्रपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर है।





