रुद्रपुर में 29 व 30 अगस्त को होगा विशाल सत्संग
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) रुद्रपुर स्थित राधा स्वामी सत्संग व्यास घर में पूज्य बाबा एवं हुजूर की पावन उपस्थिति में 29 व 30 अगस्त को विशाल सत्संग कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम केदौरान कानून-व्यवस्था,जन-सुरक्षा,सुगम यातायात प्रबंधन और आवश्यक नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने राधा स्वामी व्यास में समीक्षा बैठक की।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम से पूर्व सभी आवश्यक बुनियादी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाए।उन्होंने अधिकारियों को बिजली पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, सड़क एवं सफाई व्यवस्था के साथ ही पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें लगाने,खराब लाइटों की तत्काल मरम्मत करने,डिवाइडरों की पेंटिंग,सड़कों के गड्ढों की मरम्मत,नालियों की सफाई तथा पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने निर्देश दिए।धूल नियंत्रण के लिए सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव करने को कहा गया।आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस और दमकल वाहनों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।साथ ही आसपास के सभी सरकारी और निजी चिकित्सालयों को सतर्क (अलर्ट) रहने के लिए निर्देशित किया गया है।श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को यातायात संबंधी असुविधा न हो, इसके लिए ट्रैफिक व पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश पुलिस दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि इतने बड़े आयोजन में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय,अपर पुलिस अधीक्षक डॉ.उत्तम सिंह नेगी, दीपक गुम्बर,भारत भूषण चुघ, सीएफओ ईशान कटारिया आदि मौजूद थे।





