महाविद्यालय में उद्यमिता के लिए विद्यार्थियों को किया प्रेरित
रुद्रपुर। (लोक निर्णय)उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड सरकार एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (Entrepreneurship Development Institute of India) के संयुक्त तत्वावधान में आज एसबीएस राजकीय स्नातकोत्तर कॉलेज में देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम हुआ।कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उद्यमिता एवं स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अवधेश नारायण सिंह एवं देवभूमि उद्यमिता योजना की नोडल अधिकारी डॉ. गरिमा जायसवाल ने किया।प्राचार्य ने विद्यार्थियों को स्थानीय संसाधनों एवं नवाचार आधारित उद्यमिता अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि युवा आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। नोडल अधिकारी डॉ. गरिमा जायसवाल ने योजना की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए आगामी बूट कैंप, उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) एवं मेगा स्टार्टअप समिट की जानकारी दी।मुख्य वक्ता रजत शर्मा ने विद्यार्थियों को स्टार्टअप इकोसिस्टम, नवाचार, व्यवसायिक अवसरों की पहचान तथा व्यवसाय स्थापित करने की प्रक्रिया से अवगत कराया। साथ ही देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत उपलब्ध प्रशिक्षण, मेंटरशिप, हैंड-होल्डिंग एवं वित्तीय सहायता संबंधी जानकारी साझा की गई।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. शलभ गुप्ता, डॉ. मनोज के. पाण्डेय, डॉ. अंकिता चंदोला, डॉ. चंद्रपाल, डॉ. इन्दु एस. ममगाई, डॉ. विकार हसन खान, डॉ. आरती शर्मा आदि मौजूद थे। प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी ने विद्यार्थियों को उद्यमिता के क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि महाविद्यालय ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।





