भीषण गर्मी से निपटने को नगर निगम का एक्शन प्लान
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) भीषण गर्मी और संभावित ‘हीट वेव’ के खतरों को देखते हुए नगर निगम ने आजआपदा प्रबंधन और जन-राहत कार्यों की समीक्षा की। बैठक में बिजली-पानी की सुचारू आपूर्ति से लेकर बेसहारा पशुओं और सफाई कर्मियों तक के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।महापौर विकास शर्मा ने बताया कि इस वर्ष कम बारिश के कारण भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग की हीट वेव की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए निगम ने स्वास्थ्य, विद्युत और जल संस्थान के साथ समन्वय स्थापित किया है। शहर के मुख्य सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की किल्लत न हो, इसके लिए जगह-जगह पानी के कैंपर रखे जाएंगे। विशेष रूप से एक अस्पताल के समीप श्रमिक वर्ग की सुविधा के लिए एक शेड का निर्माण किया जाएगा। जिसमें शौचालय और शुद्ध पेयजल की मुकम्मल व्यवस्था होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए शहर के सभी यात्री शेडों का कायाकल्प कर उन्हें ठहरने योग्य बनाया जाएगा। निगम के सभी स्वास्थ्य केंद्रों को ‘अलर्ट मोड’ पर रखा गया है। महापौर ने केंद्रों पर ओआरएस, ग्लूकोज और जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा।शहर में पानी की सुचारू आपूर्ति के लिए नगर निगम नए टैंकरों की व्यवस्था कर रहा है। साथ ही, बेसहारा पशुओं को प्यास से राहत देने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में ‘वाटर टब’ रखे जाएंगे। फील्ड में तैनात सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए उनके कार्य समय (शिफ्ट) में भी परिवर्तन करने का निर्णय लिया गया है।





