बच्चों को निमोनिया से सुरक्षित रखने के लिए जनपद में सांस अभियान आगाज
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर एसके गोस्वामी के निर्देशन में शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय में सांस (SAANS) कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। जिससे बच्चों को निमोनिया से बचाया जा सके। आशाओं की वर्कशॉप आयोजित कर अभियान की शुरुआत की गई।सीएमओ डॉ. गोस्वामी ने बताया कि अभियान 12 नवंबर से 28 फरवरी 2027 तक जनपद की समस्त चिकित्सा इकाइयों में संचालित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से अभिभावकों एवं आमजन को बच्चों में निमोनिया के लक्षणों की पहचान, समय पर उपचार, रोकथाम एवं आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाएगा। सीएमओ ने निमोनिया के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों में निमोनिया से एक गंभीर श्वसन संक्रमण हो सकता है। जिसकी समय पर पहचान एवं उपचार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने तेज सांस चलना, सांस लेने में कठिनाई, छाती का अंदर धंसना, खांसी एवं बुखार जैसे लक्षणों के प्रति अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि बच्चों में सांस संबंधी परेशानी अथवा निमोनिया के लक्षण दिखाई देने पर घरेलू उपचार या लापरवाही में समय गंवाने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार लेना चाहिए।उन्होंने बच्चों के नियमित टीकाकरण, छह माह तक केवल स्तनपान, उचित पोषण, स्वच्छता तथा धुएं एवं वायु प्रदूषण से बचाव को निमोनिया की रोकथाम में महत्वपूर्ण बताया। साथ ही उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों से इस अभियान के संदेश को अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने की अपील की।कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. डीपी सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक हिमांशु मस्यूनी, चाँद मियां, निधि, सहित रुद्रपुर क्षेत्र की समस्त आशा कार्यकत्री उपस्थित रहीं।





