जिले में एचआइवी एड्स में जागरूकता को मिलेगी गति
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति ने प्रदेश में एचआइवी/एड्स नियंत्रण एवं जागरूकता कार्यक्रम को और प्रभावी बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में जनपद मे क्षेत्रीय स्तर पर कार्य करने वाले लैब टेक्निशियन द्वारा नियमित आउटरीच गतिविधियां संचालित की जाती हैं। जिसके तहत दूरस्थ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लक्षित समूहों तक पहुंचना, परामर्श देना और दवा-परीक्षण सेवाओं की निगरानी करना शामिल है। लेकिन समुचित वाहन उपलब्ध न होने के कारण क्षेत्र भ्रमण और कार्यक्रम के प्रभावी संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इसी समस्या को देखते हुए नाको, भारत सरकार द्वारा स्कूटी क्रय करने की अनुमति प्रदान की गई थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी ने कहा कि वाहन सुविधा मिलने के बाद लक्षित हस्तक्षेप कार्यक्रम और आईसीटीसी सेवाओं की पहुंच सुदूर क्षेत्रों तक और आसान हो जाएगी तथा ज़रुरतमंदों को आसानी से स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध हो सकेंगी।





