लालपुर में हिबा गैस एजेंसी प्रबंधक के प्रति लोगों में गुस्सा
आकृति राय, स्थानीय संवाददाता
किच्छा।(लोक निर्णय)भारत गैस ग्रामीण वितरक एजेंसी की कार्यशैली से उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। समय से गैस की बुकिंग और डिलीवरी न होने से लोगों में एजेंसी प्रबंधक के प्रति गुस्सा है। शिकायत करने के बाद भी एजेंसी प्रबंधक पर कोई असर नहीं दिख रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि लोग सुबह से ही एजेंसी के गोदाम पर बुकिंग के बाद खाली सिलिंडर लेकर पहुंच जाते हैं देखते ही देखते लंबी कतार लग जाती है।घंटों लाइन में लगे रहने के बाद भी कई लोगों को खाली सिलिंडर लेकर वापस आना पड़ता है।चूल्हा भी नहीं जल पाता है।बताया कि हिबा गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी प्रक्रिया काफी धीमी है। बताया कि एजेंसी में गैस सिलिंडर की बुकिंग लगभग 45 दिनों बाद स्वीकार की जाती है। बुकिंग के बाद भी सिलिंडर मिलने में करीब पांच दिन से अधिक का अतिरिक्त समय लग जाता है। ऐसे में उपभोक्ता को सिलिंडर प्राप्त करने में लगभग 50 दिन तक इंतजार करना पड़ता है। यह स्थिति उन परिवारों के लिए और भी मुश्किल बन जाती है जो पूरी तरह एलपीजी गैस पर निर्भर हैं। बताया कि क्षेत्र की अन्य गैस एजेंसियों में यही प्रक्रिया लगभग 25 दिनों के भीतर पूरी हो जाती है। ऐसे में सवाल उठता है कि एक ही क्षेत्र में काम करने वाली एजेंसियों के बीच इतनी बड़ी समय का अंतर क्यों है?गैस समस्या के संबंध में जब हिबा गैस एजेंसी प्रबंधक से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो फोन रिसीव नहीं किया गया। इससे उपभोक्ता आक्रोशित हैं। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत पूर्ति अधिकारी से शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इससे लोगों में शासन_ प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उपभोक्ताओं ने बताया कि समय से सिलिंडर न मिलने पर मजबूरी में महंगे दामों पर बाहर से गैस सिलिंडर खरीदना पड़ता है।जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ जाता है। उपभोक्ताओं ने चेताया कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जनता आंदोलन करने को विवश होगा।





