यूकेएसएसएससी की स्नातक स्तरीय परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन तैयार
चंपावत।(लोक निर्णय)उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 14 जून को जनपद में आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय लिखित प्रतियोगी परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन संपन्न कराने और सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आज जिला सभागार में बैठक कर समस्त जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने के कड़े निर्देश दिए। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिसे जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे उसका पूरी निष्ठा से पालन करें।सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों का परीक्षा से पूर्व भौतिक निरीक्षण करने और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा सकें। जिलाधिकारी ने कहा सीसीटीवी कैमरे एवं जैमर की जांच कर ली जाए कि वह सही से कार्य के रहे हो।जिससे गलती की गुंजाइश न रहे।इसके साथ ही जिलाधिकारी ने इंटरनेट मीडिया और अन्य माध्यमों पर प्रसारित होने वाली भ्रामक खबरों व अफवाहों पर पैनी नजर रखने को कहा। यदि किसी भी व्यक्ति या तत्व द्वारा परीक्षा के संबंध में कोई भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाई जाती है, तो प्रशासन द्वारा कड़ा एक्शन लेते हुए संबंधित के खिलाफ तत्काल दंडात्मक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को विशेष निर्देश दिए हैं कि परीक्षा शुरू होने से पहले और परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों के लिए वाहनों की समुचित व्यवस्था की जाए।सड़कों पर अनावश्यक भीड़भाड़ न हो ताकि जिले की यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे और परीक्षार्थियों को आवागमन में कोई असुविधा न हो।
इसके अतिरिक्त, परीक्षा केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं को पुख्ता करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ स्वच्छ शौचालय, छाया के लिए शेड, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए रैंप की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र के अंदर जितने भी कार्मिकों की तैनाती की जाए उन सभी के आई कार्ड होने अनिवार्य हैं इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्र परिसर में किसी भी अनजान आदमी की एंट्री न हो।बैठक में उत्तराखंड अधीनस्थ चयन सेवा आयोग के प्रतिनिधि अजय पाल द्वारा आयोग के दिशा निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, उप जिला अधिकारी चंपावत बी सी पंत, लोहाघाट नीतू डांगर, पुलिस उपाधीक्षक निहारिका सेमवाल, वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह सहित सेक्टर मजिस्ट्रेट, ऑब्जर्वर, केंद्र प्रभारी सहित अन्य उपस्थित रहे।





