पार्षद सौरभ से पूछताछ,आपराधिक षड्यंत्र की धारा 120 बी
फर्जी हमले की जांच के दायरे में अस्पताल भी
रुद्रपुर।किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के पुत्र पार्षद सौरभ राज बेहड़ से आवास विकास पुलिस चौकी में शनिवार देर शाम पूछताछ की गई।सौरभ ने खुद पर हमला करवाने की बात कबूली है।इस पर आपराधिक षड्यंत्र की धारा 120 बी बढ़ा दी गई है।यहीं नहीं इस मामले में अस्पताल की भी जांच होगी।एलाइंस निवासी आवास विकास पार्षद सौरभ बेहड़ पर रविवार रात बिना नंबर प्लेट बाइक सवार तीन लोगों ने हमला कर दिया था। जिससे वह घायल हो गए थे और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कांग्रेस विधायक बेहड़ और उनके समर्थकों ने मामले का खुलासा न होने पर धरना देने की धमकी दी थी। पुलिस ने बुधवार देर रात सिडकुल रोड से बाइक सवार हमलावर वंश कुमार, बादशाह और दीपक सिंह को गिरफ्तार कर लिया था और उनके पास से दो तमंचे और एक चाकू बरामद किया था। पूछताछ में आरोपितों ने बताया था कि पार्षद सौरभ बेहड़ के दोस्त आदर्श कालोनी निवासी इंदर नारंग के कहने पर ही उन्होंने हमला किया था। इंदर नारंग ने पुलिस को बताया था कि सौरभ ने ही पत्नी की सहानुभूति प्राप्त करने के लिए उस पर हमला करने को कहा था। पुलिस ने शनिवार देर शाम पार्षद सौरभ बेहड़ से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि सौरभ ने स्वीकार किया कि पत्नी की सहानुभूति प्राप्त करने के लिए उसने खुद पर हमला करवाया था। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बयाया कि जिस अस्पताल के आइसीयू में पार्षद को भर्ती कराया गया था।इसकी भी जांच कराने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र भेजा जाएगा।





