कुल्हा डेयरी समिति को मिला राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार
रुद्रपुर।मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा घोषित राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार (एनजीआरए) 2025 में उत्तराखंड ने गौरव बढ़ाया है। देश के पशुधन और डेयरी क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान में जनपद ऊधम सिंह नगर की दूध उत्पादक सहकारी समिति लिमिटेड, कुल्हा ने सर्वश्रेष्ठ डेयरी सहकारी समिति/दूध उत्पादक/डेयरी किसान उत्पादक संगठन (पूर्वोत्तर/हिमालयी श्रेणी) में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।यह समिति समिति वर्ष 1991 से संचालित है। समिति की 300 से अधिक महिलाएं सदस्य हैं। समिति की अध्यक्ष द्रोपदी देवी पिछले 15 वर्षों से लगातार निर्विरोध चुनी जा रही हैं, जो ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में समिति प्रतिदिन लगभग 1100 लीटर दूध की आपूर्ति कर रही है। अपनी गुणवत्ता, पारदर्शी कार्यप्रणाली और उत्कृष्ट प्रबंधन के कारण यह डेयरी अपने इतिहास में कभी भी नुकसान में नहीं गई। बल्कि हर वर्ष लाभ अर्जित करते हुए समिति अपने सदस्यों को बोनस वितरित करती आ रही है।
इस वर्ष समिति के सभी सदस्यों को कुल 2,41,000 रुपये का बोनस प्रदान किया गया।समिति को यह प्रथम पुरस्कार पूर्वोत्तर एवं हिमालयी क्षेत्र के 11 राज्यों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर मिला है। इस पुरस्कार में 2 लाख की राशि प्रदान की जाती है।
कुल्हा दूध उत्पादक सहकारी समिति केवल दूध उत्पादन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और सामुदायिक विकास का जीवंत प्रतीक है। धामी सरकार की महिला सशक्तिकरण नीतियों ने ऐसे संगठनों को नई ऊँचाइयाँ प्रदान की हैं।




