उत्तराखंड कारोबार खेती/किसानी

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन साइंस सेंटर, चाय बागान और पर्यटन विकास कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

चम्पावत।(लोक निर्णय) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की आदर्श चम्पावत की परिकल्पना के अनुरूप जनपद में विज्ञान शिक्षा, साहसिक पर्यटन और पर्यटक सुविधाओं के विकास को गति दी जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लगभग 55.52 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक साइंस सेंटर, उसके समीप साहसिक खेल एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं तथा चाय बागान में संचालित विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति, संसाधनों की उपलब्धता एवं कार्य पूर्ण करने की समयसीमा की समीक्षा की।जिलाधिकारी ने बताया कि साइंस सेंटर का निर्माण चम्पावत सहित कुमाऊं और प्रदेश के बच्चों को विज्ञान के क्षेत्र में सीखने तथा वैज्ञानिक विषयों को बेहतर ढंग से समझने के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। यह केंद्र विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा और प्रयोग आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित करने में सहायक होगा। इसके समीप विकसित की जा रही साहसिक खेल एवं पर्यटन सुविधाएं जनपद में पर्यटन गतिविधियों को विस्तार देने में भी उपयोगी होंगी।चाय बागान के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही पर्यटक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि यहां इको हट्स, इंटरप्रिटेशन सेंटर तथा पर्यटकों के भ्रमण के लिए मार्ग एवं ट्रेल सहित विभिन्न सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इन कार्यों का उद्देश्य चाय बागान की प्राकृतिक विशेषताओं से पर्यटकों को जोड़ते हुए उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि अंतिम चरण में चल रहे निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए आवश्यक संसाधन बढ़ाए जाएं। उन्होंने नवंबर माह में पूर्ण किए जा सकने वाले कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ प्रत्येक स्थल पर कार्यों की स्थिति और शेष कार्यों को पूरा करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान कुछ कार्यों के लिए धन आवंटन की आवश्यकता तथा वर्षा के कारण रोड़ी-बजरी सहित निर्माण सामग्री की उपलब्धता में आई कठिनाइयों पर जिलाधिकारी ने बताया कि इन विषयों के समाधान के लिए संबंधित विभागों से वार्ता की गई है, ताकि निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर कर उनकी गति बढ़ाई जा सके।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि प्रयास है कि परियोजनाओं के जो हिस्से आगामी 15 से 20 नवंबर तक पूर्ण किए जा सकते हैं, उन्हें तैयार कर जनता को समर्पित किया जाए। इसके लिए विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को समन्वय के साथ कार्य करते हुए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।निरीक्षण के दौरान जिला पर्यटन विकास अधिकारी शानू प्रकाश, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चंपावत हितेश कांडपाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी आदि मौजूद थे।

locnirnay@gmail.com

locnirnay@gmail.com

About Author

You may also like

खेती/किसानी

कृषि: ऐसे बचाएं धान की फसल

लोक निर्णय:पंतनगर:उत्तराखंड के तराई क्षेत्रों में मानसून के मौसम में धान की फसल में उचित जल प्रबन्धन, खरपतवार, यंत्रण, रोग
कारोबार

राष्ट्रपति भवन ऐसे महकेगा तराई के ‘फुलवारी’ समूह के हुनर की खुशबू

लोक निर्णय, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर: नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन के अमृत उद्यान तराई के फुलवारी समूह के हुनर