खतौनी में कथित छेड़छाड़ से जमीन खरीद की जांच करेंगे तहसीलदार
रुद्रपुर। (लोक निर्णय)उत्तराखंड भू-कानून के उल्लंघन और कथित रूप से कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर कृषि भूमि खरीदने के आरोपों के मामले की जांच तहसीलदार रुद्रपुर करेंगे। सामाजिक कार्यकर्ता मनीष बावा ने शिकायत की थी कि एक व्यक्ति ने फरवरी 2024 को ग्राम कोलड़ा में 0.1257 हेक्टेयर कृषि भूमि खरीदी थी। आरोप है कि भूमि की रजिस्ट्री के समय खुद को वर्ष 2003 से पूर्व का उत्तराखंड का कृषक दर्शाने के लिए प्रस्तुत किए गए भूमि अभिलेख वास्तविक राजस्व रिकॉर्ड से कथित तौर पर मेल नहीं खाते। शिकायतकर्ता का दावा है कि संबंधित खाता संख्या और खसरा संख्या की भूमि स्कूल संचालक के नाम दर्ज नहीं है और न ही वह बताई गई श्रेणी में आती है। मनीष ने इस मामले की एसडीएम, डीएम, पुलिस और एसएसपी कार्यालय में भी शिकायत की है। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद अब तहसीलदार को जांच सौंपी गई है। यह आदेश सहायक महानिरीक्षक निबंधक ने दिया है।





