समाजशास्त्र विभागीय परिषद का गठन, ललित बने अध्यक्ष
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में समाजशास्त्र विभागीय परिषद का गठन किया गया। समाजशास्त्र विभाग के प्रभारी डॉ. सुमन कुमार ने विद्यार्थियों को विभागीय परिषद के उद्देश्य, महत्त्व एवं कार्यों की जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों को कक्षाओं में 75 प्रतिशत उपस्थिति की अनिवार्यता के संदर्भ में भी जानकारी दी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अवधेश नारायण सिंह ने नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, महाविद्यालय में अनुशासन बनाए रखने, शिक्षकों का सम्मान करने तथा विद्यार्थी जीवन की गरिमा को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
विभागीय परिषद के गठन के अंतर्गत ललित शर्मा को अध्यक्ष चुना गया। इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष पद पर प्रदीप कोली, सचिव पद पर रोमेश कुमार, संयुक्त सचिव पद पर अंशु कुमारी तथा कोषाध्यक्ष पद पर करन कोली का चयन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. स्निग्धा रावत द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. अनीता बिष्ट ने छात्र-छात्राओं को समाजशास्त्र विभागीय परिषद की गतिविधियों, नियमित कक्षा उपस्थिति के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में समाजशास्त्र विभागीय परिषद की संयोजक डॉ. शिल्पी अग्रवाल द्वारा विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया तथा सभी का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।





