स्टार्टअप एवं उद्यमिता बूट कैंप में उत्पाद,बिक्री और मार्केटिंग की दी गई जानकारी
काशीपुर।( लोक निर्णय) उत्तराखंड ग्राम्य विकास समिति (UGVS) के सहयोग से संचालित Rural Enterprise Acceleration Project (REAP)–ग्रामोत्थान के अंतर्गत ऊधम सिंह नगर के ग्रामीण उद्यमियों को नए अवसरों से जोड़ने एवं उनके उद्यमों को बाजारोन्मुख बनाने के उद्देश्य से भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) काशीपुर में बुधवार को आयोजित “स्टार्टअप एवं उद्यमिता बूट कैंप” में तमाम जानकारियां दी गईं। बूट कैंप में सभी विकासखंडों से ग्रामीण उद्यमियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों में ग्रामोत्थान (REAP) के माध्यम से संचालित एवं ग्रामीण उद्यमियों द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित एवं बिक्री/बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से IIM काशीपुर तक ले जाया गया। इससे ग्रामीण उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने, संभावित ग्राहकों एवं बाजार विशेषज्ञों से संपर्क स्थापित करने तथा उद्यमियों को अपने उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग एवं विपणन के नए अवसरों को समझने का मंच प्राप्त हुआ। जिला परियोजना प्रबंधक, ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना, शुभंकर कुमार झा सहित रीप परियोजना के विभिन्न विकासखंडों के ब्लॉक स्टाफ एवं संबंधित क्लस्टर स्तरीय संघों (CLF) के स्टाफ द्वारा प्रतिभाग किया गया। परियोजना टीम द्वारा विभिन्न विकासखंडों से आए उद्यमियों एवं उनके उत्पादों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादों के विकास तथा व्यवसाय विस्तार के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।बूट कैंप के दौरान ग्रामीण उद्यमियों को स्टार्टअप एवं उद्यमिता की अवधारणा, व्यवसाय विकास, बाजार की संभावनाओं, ग्राहक की आवश्यकता, उत्पाद की गुणवत्ता, ब्रांडिंग, पैकेजिंग, मार्केटिंग तथा उद्यम को व्यापक बाजार से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।ग्रामोत्थान (REAP) परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध स्थानीय संसाधनों एवं प्रतिभाओं को स्थायी एवं लाभकारी उद्यमों में परिवर्तित करते हुए ग्रामीण परिवारों की आय एवं रोजगार के अवसरों में वृद्धि करना है। इस प्रकार के बूट कैंप ग्रामीण उद्यमियों को पारंपरिक बाजार से आगे बढ़कर आधुनिक बाजार व्यवस्था, संस्थागत नेटवर्क एवं नए व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आइआइएम काशीपुर में आयोजित यह बूट कैंप ऊधम सिंह नगर के ग्रामीण उद्यमियों के लिए अपने उत्पादों को नई पहचान देने, नए बाजार तलाशने और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ।





