अब गांवों के कूड़ा का होगा निस्तारण
रुद्रपुर/खटीमा। नगर निगम रुद्रपुर से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही कूड़ा निस्तारण की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था को धरातल पर उतारते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को खटीमा के नगला तराई स्थित मुख्यमंत्री आवास से जनपद के सात विकास खण्डों के लिए कूड़ा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें रुद्रपुर विकास खण्ड के अंतर्गत आने वाले कई वाहनों का भी फ्लैग आफ किया गया। इसके साथ ही रूद्रपुर नगर निगम से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवस्थित तरीके से कूड़ा संग्रहण और निस्तारण का रास्ता साफ हो गया है।रुद्रपुर ग्राम पंचायतों के साथ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए कुल 13 ग्राम पंचायतों के साथ एमओयू किया गया है। योजना के अंतर्गत गांवों से डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्र कर उसे नगर निगम क्षेत्र के फाजलपुर महरौला स्थित फ्रेश वेस्ट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए कुल 12 पार्टिशनयुक्त कूड़ा संग्रहण वाहनों की व्यवस्था की गई है। इनमें तीन वाहन नगर निगम रुद्रपुर की ओर से जबकि 6 वाहन सीएसआर के अंतर्गत नेस्ले कंपनी की ओर से और एक वाहन अशोका लेलेंड की ओर से तथा दो वाहन रीप परियोजना के द्वारा द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत उपलब्ध 25 ई रिक्शा और 7 ट्रैक्टर ट्रालियों का भी फ्लैग ऑफ किया गया।महापौर विकास शर्मा ने नगर निगम स्तर से आसपास की ग्राम पंचायतों में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने की घोषणा की थी। इसी क्रम में नगर निगम ने ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय बनाकर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार की और अब कूड़ा संग्रहण वाहनों के संचालन के साथ यह व्यवस्था धरातल पर उतरने जा रही है।नगर निगम की योजना के अंतर्गत मटकोटा, धरमपुर, छतरपुर, किरतपुर, दानपुर, बागवाला, बिंदुखेड़ा और भगवानपुर कोलड़िया सहित 13 ग्राम पंचायतों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है। इन क्षेत्रों से एकत्र होने वाले कूड़े को खुले में फेंकने के बजाय निर्धारित व्यवस्था के तहत नगर निगम के फ्रेश वेस्ट प्लांट पहुंचाकर उसका निस्तारण किया जाए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वच्छता केवल शहरों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रभावी कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था आवश्यक है। ग्राम पंचायतों में शुरू की जा रही यह व्यवस्था स्वच्छ और सुंदर क्षेत्र की परिकल्पना को साकार करने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि सरकार नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। महापौर ने नेस्ले कंपनी और अशोका लेलेंड द्वारा सीएसआर के माध्यम से वाहन उपलब्ध कराने पर कंपनी का आभार जताते हुए कहा कि नगर निगम, ग्राम पंचायतों और सामाजिक सहभागिता से स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।इस दौरान ग्राम प्रधान कीरतपुर आशीष यादव , ग्राम प्रधान बागवाला विनीत सोलंकी आदि मौजूद थे।





