सीएम धामी ने काशीपुर में विद्यार्थियों से किया संवाद
काशीपुर। (लोक निर्णय) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर में एक निजी होटल में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने विकसित भारत 2047 का एक महान संकल्प देश के सामने रखा है। उन्होंने कहा कि इस संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में हमारे युवाओं का योगदान सबसे महत्वपूर्ण रहने वाला है। क्योंकि हमारे युवाओं के पास नया विजन है, आउट-ऑफ-द-बॉक्स थिंकिंग है और सबसे बड़ी बात कुछ कर गुजरने का जुनून है।मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पूर्व राष्ट्रपति और महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम जी का जीवन हम सभी के लिए इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण है।उनका जीवन हमें सिखाता है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों,अगर सीखने की इच्छा हो और मेहनत करने का जज्बा हो,तो इंसान अपनी मंजिल तक जरूर पहुंच सकता है।इसलिए अपने सपनों को कभी छोटा मत रखिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारे युवाओं के सामने नशा भी एक बड़ी चुनौती बनकर सामने खड़ी है।नशा केवल एक व्यक्ति के शरीर को ही खत्म नहीं करता,बल्कि उसके पूरे परिवार के सपनों को और उसके उज्ज्वल भविष्य को बर्बाद कर देता है।इसलिए,आइए आज मेरे साथ मिलकर संकल्प लीजिए कि आप खुद भी किसी भी तरह के नशे से दूर रहेंगे और अपने दोस्तों, अपनेमुख्यमंत्री ने विभिन्न मुद्दों पर विद्यार्थियों के सवालों का सहजता व सरलता जवाब देते हुए सरकार की प्राथमिकताओं और आगामी योजनाओं को स्पष्ट किया। विद्यार्थी शौर्य,दक्ष,चंद्रा,प्रभजोत,खुशी,सिमरन, कात्यायनी ,आरती, वैष्णवी और आद्रिका द्वारा पूछे गए प्रश्नों पर मुख्यमंत्री ने युवा आयोग, उत्तराखंड के विकास, अग्निवीर योजना, साईबर क्राइम और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर विचार साझा किए। छात्र शौर्य के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि युवा आयोग युवाओं की पढ़ाई पूरी होने के बाद उनके लिए रोजगार के अवसर पैदा करने और सरकारी सेवाओं से जोड़ने का काम करेगा।छात्र दक्ष के ‘सपनों का उत्तराखंड’ से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ऐसा उत्तराखंड बनाना चाहती है जहाँ युवाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के लिए पलायन न करना पड़े। राज्य में ही स्वास्थ्य, शिक्षा और बेहतर कनेक्टिविटी जैसी आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही किसानों को उनके उत्पादों का स्थानीय स्तर पर बाजार मिले ताकि फसलों का उचित मूल्य प्राप्त हो सके। छात्रा चंद्रा द्वारा अग्निवीर सैनिकों के भविष्य को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने बताया कि सरकार अग्निवीरों के भविष्य को लेकर पूरी तरह सजग है और इसके लिए एक डेलीकेटेड अग्निवीर सेल का गठन किया गया है।छात्रा ख़ुशी द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और टेक्नोलॉजीपर किए गए सवाल के जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एआई हमारे लिए चुनौती के साथ-साथ एक बेहतरीन अवसर भी है। आधुनिकता के इस दौर में हमें इसके अनुरूप खुद को ढालना होगा। टेक्नोलॉजी से अनभिज्ञ न रहने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि साइंस एंड टेक्नोलॉजी के नए शोधों ने कठिन कार्यों को आसान बना दिया है।मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार राज्य के हर जिले में साइंस एंड टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित कर रही है। इसी दिशा में देश की पाँचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी देहरादून में स्थापित की जा रही है।छात्रा प्रभजोत ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छात्रों से संवाद करते हुए एक पारदर्शी, भ्रष्टाचार-मुक्त और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है और इसे पूरी तरह समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति काम के बदले रिश्वत मांगता है या अनुचित दबाव बनाता है, तो नागरिक निसंकोच टोल-फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल ऐप पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाती है और प्राप्त शिकायतों पर विशेष टीमों द्वारा त्वरित जांच की जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा हमारा राज्य देवभूमि है और देवभूमि की कार्यप्रणाली पूरी तरह पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त होनी चाहिए।
विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के करीब 1400 छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान विधायक त्रिलोक सिंह चीमा,मेयर दीपक बाली,दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता,फ़रजाना बेगम,मनजीत सिंह राजू,सुरेंद्र सिंह नामधारी,मुकेश कुमार आदि मौजूद थे।




