राहुल गांधी की झूठ की राजनीति के खिलाफ भाजपाई आक्रोशित, फूंका राहुल गांधी कांग्रेस का पुतला
रुद्रपुर ।(लोक निर्णय) राहुल गांधी और कांग्रेस की कथित झूठ एवं विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ व कांग्रेस के कलक्ट्रेट कूच कार्यक्रम के पलटवार में शनिवार को भाजपा ने कलेक्ट्रेट परिसर कूच कर प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट कूच के लिए निकले। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की, लेकिन कार्यकर्ताओं में कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ मेट्रोपोलिस सिटी गेट नंबर एक पर धरना प्रदर्शन किया।साथ ही राहुल गांधी कांग्रेस का पुतला दहन किया और राहुल गांधी की राजनीति के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस के नेता झूठ के सहारे समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दलित समाज को भड़काने और हिन्दू समाज को जातियों में बांटकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन हिन्दू समाज एक है और कांग्रेस की यह साजिश सफल नहीं होगी।शिव अरोड़ा ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस जिस प्रकार रामलीला मैदान में हुए शुद्धिकरण यज्ञ को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जाति से जोड़कर राजनीतिक मुद्दा बना रहे हैं, वह पूरी तरह गलत और भ्रामक है। उन्होंने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस के पास प्रमाण है कि शुद्धिकरण यज्ञ खड़गे के दलित समाज से होने के कारण किया गया था तो वह प्रमाण जनता के सामने रखे।उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह भी प्रमाण दे कि हल्द्वानी में खड़गे की रैली के बाद रामलीला मैदान में हुए शुद्धिकरण यज्ञ के दौरान किसी व्यक्ति ने मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम लेकर उनकी जाति को लेकर कोई टिप्पणी की थी। यदि कांग्रेस के पास ऐसा कोई प्रमाण नहीं है तो राहुल गांधी को दलित समाज को गुमराह करने और झूठ फैलाने की राजनीति बंद करनी चाहिए और दलित समाज से माफ़ी मांगनी चाहिए।
विधायक ने कहा कि रामलीला मैदान में शुद्धिकरण यज्ञ किसी व्यक्ति की जाति को देखकर नहीं किया गया था। वहां धार्मिक भावनाओं को प्रभावित करने वाली परिस्थितियां सामने आई थीं। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में अल्लाह हू अकबर जैसे इस्लामी नारे लगाए जाने, शराब की बोतलें और गंदगी मिलने की बात सामने आई थी तथा वहां स्थित मंदिर की पवित्रता को देखते हुए हिन्दू सगठन द्वारा शुद्धिकरण यज्ञ किया गया।उन्होंने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि शुद्धिकरण यज्ञ में बड़ी संख्या में दलित समाज के लोग भी शामिल थे। जब यज्ञ करने वालों में ही दलित समाज के लोग मौजूद थे तो इसे दलित विरोध से जोड़ने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जानबूझकर एक धार्मिक विषय को जातिगत विवाद का रूप देकर दलित समाज को भड़काने का प्रयास कर रही है, वही यज्ञ करने वाले दलित समाज के लोगो द्वारा आहत होकर राहुल गाँधी के खिलाफ हल्द्वानी मे एफआईआर दर्ज कराया है।शिव अरोड़ा ने कहा कि उत्तराखंड में अधिकांश लोगों को यह तक जानकारी नहीं थी कि मल्लिकार्जुन खड़गे दलित समाज से आते हैं। ऐसे में शुद्धिकरण यज्ञ को उनकी जाति से जोड़ना कांग्रेस की झूठ की राजनीति और राजनीतिक स्वार्थ को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दलित समाज को अपना वोट बैंक समझने की भूल न करे। दलित समाज जागरूक है और कांग्रेस के इस राजनीतिक हथकंडे को अच्छी तरह समझता है।उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि “राहुल गांधी, आरोप लगाना आसान है, लेकिन आरोप का प्रमाण देना भी आपकी जिम्मेदारी है। अगर आपके पास प्रमाण है तो सामने रखिए, केवल झूठ बोलकर और समाज को भड़काकर सच्चाई को नहीं बदला जा सकता।”विधायक ने कहा कि कांग्रेस के पास जनता के बीच जाने के लिए विकास और जनहित का कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह जाति और धर्म के नाम पर समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा हर झूठ का तथ्यों के साथ जवाब देगी और कांग्रेस के इस दुष्प्रचार को जनता के सामने बेनकाब करेगी। उन्होंने कहा यह लोग वही है ज़ब मौलाना रुद्रपुर त्रिशूल चौक से हिन्दुओ के खिलाफ भड़काने वाले बयान देता है तो इनके मुस्लिम प्रेम मे मुँह मे दही जम जाती है ओर रुद्रपुर के पूर्व जनप्रतिनिधि भी इसको लेकर मौन धारण किये हुऐ है यह बताता है कि कांग्रेस कि मानसिकता एक वर्ग विशेष को खुश करने कि रही है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार की लोकप्रियता और भाजपा के प्रति जनता के विश्वास से कांग्रेस घबराई हुई है। सत्ता से दूर रहने की छटपटाहट कांग्रेस के नेताओं के बयानों में साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस की झूठ और विभाजन की राजनीति को नकार चुकी है और भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी है।भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार झूठे और भ्रामक मुद्दों को हवा देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ की राजनीति से बाज आए और यदि उसके पास अपने आरोपों के समर्थन में कोई प्रमाण है तो उसे जनता के सामने रखे।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के प्रत्येक झूठ और दुष्प्रचार का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे। उत्तराखंड की जनता कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है और उसे स्वीकार करने वाली नहीं है।
मेयर विकास शर्मा ने भी कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस की झूठ की राजनीति का डटकर मुकाबला करेंगे। राहुल गांधी को झूठ की राजनीति से बाज आना चाहिए। देवभूमि की जनता सब देख और समझ रही है और कांग्रेस की झूठ की दुकान अब उत्तराखंड में बंद होकर रहेगी।उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास विकास और जनहित के मुद्दे नहीं हैं, इसलिए वह समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांटने का प्रयास कर रही है। भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर कांग्रेस के हर झूठ का पर्दाफाश करेंगे।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा कांग्रेस का पुतला दहन किया। कलेक्ट्रेट कूच के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश दिखाई दिया। प्रदर्शन में भाजपा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।इस दौरान दर्जामंत्री रामपाल, उत्तम दत्ता, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, भाजपा नेता सुरेश कोली, भारत भूषण चुघ,तरुण दत्ता, अमित नारंग, उपेंद्र चौधरी, राकेश सिंह, रश्मि रस्तोगी, धीरेन्द्र मिश्रा,अनिल चौहान, वेद ठुकराल, सुनील ठुकराल, जगदीश विश्वास, धीरेश गुप्ता, पार्षद पवन राणा, एमपी मौर्य, राधेश शर्मा, निमित्त शर्मा, कैलाश राठौर, राजेंद्र राठौर, मुकेश रस्तोगी, सुशील चौहान, प्रमोद शर्मा, जॉनी भाटिया, एसपी यादव, गीता शर्मा शम्मी गुप्ता, शंकर विश्वास, नरेश उप्रेती, सुनील यादव, जीतेन्द्र संधू, प्रमोद मित्तल, राजेश बजाज, इंद्रपाल चौधरी, मोर सिंह, बिट्टू चौहान आदि मौजूद थे।





