पूर्व विधायक शुक्ला की पहल पर वार्ड-16 की 11 हजार वोल्ट नेकेड लाइन होगी इंसुलेटेड
किच्छा। (लोक निर्णय) किच्छा नगर के वार्ड संख्या-16 में विद्युत करंट की चपेट में आने से 26 जुलाई को 10 वर्षीय बालक राज की हुई दर्दनाक एवं आकस्मिक मृत्यु के बाद पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल ऊर्जा निगम के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की पहल की। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राजेश शुक्ला पीड़ित परिवार के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया तथा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल आवश्यक एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने आज किच्छा विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता संजय तिवारी के साथ बैठक कर वार्ड संख्या-16 की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आबादी के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की नेकेड (खुली) विद्युत लाइन को प्राथमिकता के आधार पर कवर कंडक्टर (इंसुलेटेड वायर) से प्रतिस्थापित किया जाए, जिससे आबादी वाले क्षेत्र में विद्युत दुर्घटनाओं की संभावनाओं को समाप्त किया जा सके तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो। शुक्ला ने कहा कि किसी मासूम बालक की असमय मृत्यु पूरे समाज के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना प्रशासन एवं संबंधित विभागों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती है।
बैठक में अधिशासी अभियंता संजय तिवारी ने पूर्व विधायक को अवगत कराया कि वार्ड संख्या-16 के आबादी क्षेत्र में लगभग तीन से चार किलोमीटर तक 11 हजार वोल्ट की नेकेड विद्युत लाइन गुजर रही है। उन्होंने बताया कि वर्षों पूर्व जब यह लाइन डाली गई थी, उस समय क्षेत्र में आबादी कम थी। अभियंता ने बताया कि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के सतत प्रयासों एवं सहयोग से उक्त कार्य के लिए केंद्र पोषित योजना के अंतर्गत लगभग 35 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अब आबादी क्षेत्र से होकर गुजर रही लगभग तीन से चार किलोमीटर लंबी 11 हजार वोल्ट की नेकेड लाइन को कवर कंडक्टर (इंसुलेटेड वायर) से बदलने की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। इसके लिए विभागीय औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं तथा अतिशीघ्र कार्य को धरातल पर शुरू कर दिया जाएगा।





