शस्त्र लाइसेंस-हथियार नेटवर्क से जुड़े एक और आरोपित गिरफ्तार
रुद्रपुर।(लोक निर्णय) मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के “अपराध मुक्त उत्तराखण्ड” के विजन तथा पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड दीपम सेठ के निर्देशन में संचालित “ऑपरेशन प्रहार” के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखण्ड ने राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानान्तरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की वैधता एवं सत्यता की व्यापक जांच कर रही है।इसी क्रम में एसटीएफ ने गहन जांच, तकनीकी विश्लेषण एवं एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर चार जून को जनपद ऊधम सिंह नगर के थाना कोतवाली काशीपुर में एफआइआर संख्या-213/2026 अन्तर्गत धारा 318(4), 338, 336(3), 340, 61(2), 3(5), 111 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कराया गया था। विवेचना के आधार पर एसटीएफ टीम नए काशीपुर क्षेत्र में सघन दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई की।, जिसमें एक और आरोपित फईम अहमद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल (.32 बोर) एवं 09 जिंदा कारतूस (.32 बोर) बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी प्रकाश में आया है कि आरोपित ने जनपद शाहजहांपुर के नाम से फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाया था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने बताया कि उत्तराखण्ड में फर्जी शस्त्र लाइसेंस एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत एसटीएफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। शनिवार रात काशीपुर क्षेत्र से अभियुक्त फईम अहमद को गिरफ्तार किया गया है, जिसके कब्जे से एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल एवं 09 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों का यह संगठित नेटवर्क राज्य की कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। एसटीएफ इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचकर पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश करने के लिए प्रतिबद्ध है। जांच में जिस किसी व्यक्ति, दलाल, लाइसेंस धारक, हथियार आपूर्तिकर्ता अथवा किसी अन्य सहयोगी की संलिप्तता सामने आएगी, उसके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। किसी भी दोषी को किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जा रहा है।उन्होंने फर्जी अथवा संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस धारकों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे स्वयं आगे आकर अपने शस्त्र एवं लाइसेंस सहित एसटीएफ के समक्ष आत्मसमर्पण करें, अन्यथा जांच में चिन्हित होने पर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फर्जी शस्त्र लाइसेंस प्रकरण में अब तक राज्य के विभिन्न जनपदों में 03 मामले पंजीकृत किया गया है। 11 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। 15 अवैध शस्त्र, 350 कारतूस,
बड़ी संख्या में संदिग्ध एवं फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद हुए हैं।शनिवार को गिरफ्तार आरोपित फईम अहमद पुत्र इरशाद हुसैन, निवासी बसई चौक, हरियावाला चौराहा, थाना कुण्डा, ऊधम सिंह नगर,का रहने वाला है।एसटीएफ टीम में निरीक्षक अरुण कुमार,निरीक्षक एमपी सिंह,उपनिरीक्षक जगदीप नेगी, प्रकाश भगत,हेड कांस्टेबल गोविन्द बिष्ट, मोहित वर्मा,कांस्टेबल रवि बोरा,हेड कांस्टेबल चालक संजय कुमार,सुरेन्द्र कनवाल थे।





