सड़क चौड़ीकरण की जद में आए मंदिरों का होगा भव्य पुनर्निर्माणः महापौर शर्मा
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) शारदीय नवरात्र के दौरान नगर निगम क्षेत्र में मांस की बिक्री बंद रखने और सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे मंदिरों के पुनर्स्थापन सहित विभिन्न मांगों को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने महापौर विकास शर्मा से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं की मांग पर महापौर ने घोषणा की कि श्रावण मास की तर्ज पर इस बार नवरात्र के नौ दिनों तक नगर निगम क्षेत्र में कच्चे और पके मांस की बिक्री बंद रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे मंदिरों को उचित स्थान पर पुनर्स्थापित कर उनका भव्य निर्माण कराने का आश्वासन भी दिया।महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नवरात्र का पर्व आस्था, श्रद्धा और धार्मिक परंपराओं से जुड़ा हुआ है। पर्व की पवित्रता और लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नौ दिनों तक नगर निगम क्षेत्र में कच्चे या पके मांस की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। यदि कोई इस दौरान मांस बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि धार्मिक पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान हो और शहर में शांति, सौहार्द तथा स्वच्छता का वातावरण बना रहे।महापौर ने कहा कि शहर में विकास कार्यों के साथ धार्मिक आस्था और परंपराओं का सम्मान भी जरूरी है। सड़क चौड़ीकरण का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और शहर के विकास को गति देना है, लेकिन इस प्रक्रिया में जिन मंदिरों को स्थानांतरित करने की आवश्यकता पड़ रही है, उन्हें उपेक्षित नहीं छोड़ा जाएगा। ऐसे सभी मंदिरों को आसपास उपलब्ध बेहतर स्थानों पर पुनर्स्थापित कर उनका भव्य और दिव्य स्वरूप में निर्माण कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालु पहले की तरह पूजा अर्चना कर सकें।उन्होंने कहा कि नैनीताल रोड स्थित झाड़ी बाबा मंदिर, विश्वकर्मा मंदिर, गुरुनानक स्कूल के सामने घंटाघर वाला मंदिर और इंडेन गैस एजेंसी के पास स्थित मंदिर सहित सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे धार्मिक स्थलों को उचित स्थान पर पुनर्स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा। महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में धार्मिक स्थलों के जीर्णाेद्धार और विकास के कार्य किए जा रहे हैं। रुद्रपुर में भी विकास कार्यों के दौरान प्रभावित होने वाले मंदिरों का बेहतर तरीके से पुनर्निर्माण कराया जाएगा। इस दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने महापौर विकास शर्मा का आभार व्यक्त किया। महापौर से मिलने वालों में विश्व हिंदू परिषद अध्यक्ष सचिन शर्मा, नगर संयोजक प्रिंस कोली, नगर उपाध्यक्ष अजय पाल,नगर मंत्री सदेहव दास गुप्ता, यश चौहान जोगिंदर चौहान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।





