मुख्यमंत्री ने 1140.82 लाख से शक्तिफार्म को सिडकुल जोड़ने वाले पुल का किया शिलान्यास
सितारगंज।(लोक निर्णय) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सितारगंज के शक्तिफार्म को सिडकुल से जोड़ने हेतु सिसौना नदी पर 1140.82 लागत से बनने वाले150 मी. स्पान सीसी पुल का कार्य का शुभारंभ किया।इस दौरान उन्होंने कहा कि आज सितारगंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लगभग साढ़े 11 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस महत्वपूर्ण सेतु के निर्माण कार्य का शिलान्यास हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि शक्तिफार्म क्षेत्र को सिडकुल से जोड़ने वाले इस सेतु के निर्माण से इस पूरे क्षेत्र के लगभग 50 हजार निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि आप लोगों को इस पुल के निर्माण के पश्चात सिडकुल सितारगंज में स्थित औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं विकास खंड कार्यालय सिसौना तक पहुँचने के लिए लगभग 9 किलोमीटर कम दूरी तय करनी पड़ेगी। इससे न केवल समय और ईंधन की बचत होगी, बल्कि आवागमन भी अधिक सुगम, सुरक्षित और किफायती हो सकेगा। उन्होंने कहा कि ये सेतु न केवल क्षेत्रवासियों के लिए सुगम आवागमन का माध्यम बनेगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई गति प्रदान करेगा। एक ओर शक्तिफार्म में पीपीपी मॉडल के माध्यम से मिल्क पाउडर, आइसक्रीम और चीज़ निर्माण से संबंधित आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण इकाई की स्थापना कर रहे हैं। वहीं, शक्तिफार्म के प्रह्लाद पलसिया में लगभग 54 करोड़ रुपये की लागत से एक्वा पार्क का निर्माण भी करा रहे हैं।जिसका अब तक 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण भी हो चुका है। उन्होंने कहा कि हमने शक्तिफार्म क्षेत्र के निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीएचसी को 30 बेड के सीएचसी में उच्चीकृत करने का कार्य भी किया है। हम सितारगंज और टनकपुर के बीच फोर लेन सड़क के निर्माण की दिशा में तेजी से कार्य कर रहे हैं। सितारगंज में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली के निर्माण की दिशा में भी हम काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम सितारगंज क्षेत्र में विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण कराने साथ-साथ मल्टी-स्टोरी पार्किंग का निर्माण भी करा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार राज्य के समग्र विकास के साथ-साथ अपने सांस्कृतिक मूल्यों और डेमोग्राफी को संरक्षित रखने हेतु भी पूर्ण रूप से संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने जहां एक ओर प्रदेश में सख्त धर्मांतरण विरोधी और दंगा विरोधी कानूनों को लागू किया है, वहीं, हम प्रदेश में लैंड जिहाद, लव जिहाद और थूक जिहाद जैसी मानसिकताओं के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तराई क्षेत्र में कुछ पाखंडी हमारे भोले-भाले सिख एवं आदिवासी भाई-बहनों को डराकर, धमकाकर और झूठे प्रलोभन देकर उनका धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं, इस मंच के माध्यम से ऐसे सभी पाखंडियों को स्पष्ट कर देना चाहता हूँ कि ये देवभूमि की पवित्र धरा है और यहाँ जिसने भी हमारी आस्था और संस्कृति के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की तो उसे ऐसा सबक सिखाया जायेगा कि उसकी 7 पुश्तें भी याद रखेंगी। उन्होंने कहा कि हमने राज्य में लैंड जिहाद पर सख्त कार्रवाई करते हुए 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को लैंड जिहादियों से मुक्त कराया है। उन्होंने कहा कि मैं, देवभूमि की पवित्र भूमि पर किसी जिहादी को पनपने नहीं दिया जायेगा।कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि हमने जो भी वादे किए थे। उसमें से 95 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए हैं शेष भी पूर्ण किए जाएंगे। उन्होंने सितारगंज में 75 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन ऐक्वा पार्क,65 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन आंचल मल्टी दुग्ध प्लांट स्वीकृत करने हेतु मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।




