महापौर विकास ने कुमाऊं कमिश्नर से मुलाकात की
रुद्रपुर। (लोक निर्णय)रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने विकास प्राधिकरण के सचिव एवं कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत से व्यक्तिगत मुलाकात कर शहर के सबसे महत्वपूर्ण ड्रेनेज प्रोजेक्ट पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने महापौर ने एनएच-87 पर अटरिया मोड़ से डीडी चौक होते हुए त्रिशूल चौक तक आधुनिक आरसीसी नाले के निर्माण के साथ-साथ हाईवे किनारे आम नागरिकों की सुविधा के लिए व्यवस्थित फुटपाथ बनाए जाने का प्रस्ताव भी रखा। इस प्रस्ताव पर आयुक्त दीपक रावत ने सहमति व्यक्त करते हुए योजना को सकारात्मक रूप से आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।महापौर ने आयुक्त को नगर निगम द्वारा तैयार किए गए विस्तृत आगणन की जानकारी भी दी। वर्ष 2026-27 के लिए तैयार इस परियोजना की अनुमानित लागत 16 करोड़ 61 लाख 61 हजार रुपये निर्धारित की गई है। यह परियोजना अटरिया मोड़ से डीडी चौक होते हुए त्रिशूल चौक तक सड़क के दोनों ओर आरसीसी नाला निर्माण कर बरसाती जल निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत करेगी।इस संबंध में महापौर द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी एक विस्तृत पत्र भेजा गया है। पत्र में अनुरोध किया गया है कि इस महत्वपूर्ण जनहित परियोजना के लिए जिला विकास प्राधिकरण के माध्यम से आवश्यक धनराशि शीघ्र स्वीकृत की जाए।





