भाजपा नेता कुंदन का महापौर ने किया स्वागत
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष युवा कल्याण सलाहकार (दर्जा राज्य मंत्री) कुंदन लटवाल के प्रथम रुद्रपुर आगमन पर आज यहां का राजनीतिक और सामाजिक माहौल पूरी तरह ऊर्जावान नजर आया। महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और युवा मोर्चे के पदाधिकारियों ने उनका फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने युवाओं के कल्याण, उत्थान और उनके नेतृत्व को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से कुंदन लटवाल को पुनः एक बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने विश्वास जताया कि लटवाल के लंबे सांगठनिक अनुभव और ओजस्वी नेतृत्व का सीधा लाभ उत्तराखंड के दूर-दराज के क्षेत्रों तक के युवाओं को मिलेगा। वे गांव, शहर और बस्तियों तक व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास और उचित मार्गदर्शन के माध्यम से प्रदेश की युवा शक्ति को एक नई और सकारात्मक दिशा प्रदान करने का काम करेंगे।महापौर ने देश की राजनीति और हालिया दिल्ली के घटनाक्रम को लेकर विपक्षी दलों पर बेहद तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश के अधिकांश राज्यों में विपक्ष, विशेषकर वामपंथी विचारधारा, जनता का पूरी तरह से विश्वास खो चुकी है। आम जनता ने उन्हें नकार दिया है, जिसके चलते वे अपनी राजनीतिक जमीन पूरी तरह खो चुके हैं। अब अपनी राजनीतिक वजूद को बचाने के लिए वे केवल और केवल झूठे नैरेटिव गढ़ने और समाज में भ्रम फैलाने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।लोकतंत्र के नाम पर हो रही अराजकता पर करारा प्रहार करते हुए महापौर ने कहा कि हमारे देश के संविधान ने हर नागरिक और संगठन को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार दिया है, लेकिन विरोध प्रदर्शन या आंदोलन के नाम पर प्रधानमंत्री आवास और देश की सर्वाेच्च संस्था संसद का घेराव करना, तथा कानून के रखवाले पुलिसकर्मियों पर हिंसक हमले करना किसी भी स्थिति और दृष्टि से उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने दो टूक कहा कि इस प्रकार के उपद्रवी और अराजक कृत्य कभी भी अनुशासित विद्यार्थियों और देश के जिम्मेदार युवाओं की पहचान नहीं हो सकते।इस दौरान अपने संबोधन में युवा कल्याण सलाहकार एवं दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड का युवा हमेशा से राष्ट्रवाद, वीरता और सेवाभाव की संस्कृति का वाहक रहा है। उत्तराखंड का युवा राष्ट्रवाद, कर्तव्यनिष्ठा और सकारात्मक सोच के साथ लगातार आगे बढ़ रहा है। आज का युवा केवल अपने निजी भविष्य को लेकर ही नहीं, बल्कि देश की अस्मिता, सुरक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति पूरी तरह सजग है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता युवाओं को हर मोर्चरी पर सशक्त बनाना है। विपक्ष के तमाम षड्यंत्रों और भ्रम फैलाने वाले प्रयासों को उत्तराखंड का जागरूक युवा अपने अनुशासन और राष्ट्रभक्ति से पूरी तरह विफल कर देगा। हम सब मिलकर प्रदेश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ेंगे और उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाएंगे।भाजयुमो जिलाध्यक्ष बिट्टू चौहान, जिला उपाध्यक्ष रचित सिंह, अंकित गंगवार, उमेश सिंह, दीपक राठोर, मण्डल उपाध्यक्ष गोविंद शर्मा आदि मौजूद थे।





