बकायेदारों से कड़ाई से करें वसूली
रुद्रपुर।(लोक निर्णय) मुख्य देयक व विविध देयकों की वसूली में तेजी लाये साथ ही मानसून काल में अलर्ट मोड़ में रहें, यह निर्देश जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने आज जिला सभागार में मासिक स्टाफ बैठक लेते हुए अधिकारियों को दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों को नियमित कोर्ट लगाकर लम्बित वादों को त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। पुराने वादों को प्राथमिकता से निस्तारण किया जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि बकायेदारों से कड़ाई से राजस्व वसूली की जाएं। अपराधों को रोकने के लिए सक्रियता से कार्य करना सुनिश्चित करें। उन्होंने जनपद में अनैतिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आबकारी अधिकारी को कच्ची शराब व अवैध मदिरा बिक्री पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगाने हेतु नियमित छापेमारी करने के निर्देश भी दिये। उन्होने सीएम हेल्पलाइन, सीएम जन समर्पण पोर्टल, आयोग के सन्दर्भो, रिट याचिका सन्दर्भो, ऑडिट आपत्तियों, पेंशन प्रकरणों आदि की आख्या रिपोर्टिंग को समय सीमा के भीतर भेजने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह, मनीष बिष्ट, गौरव पाण्डेय, अभय प्रताप सिंह, राहुल शाह, तुषार सैनी, ओसी हिमांशु कफल्टिया, संयुक्त निदेशक अभियोजन डीएस जंगपांगी, डीजीसी मनोज कुमार तिवारी, बरीत सिंह, एआरटीओ मोहित कोठारी, जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चन्द्र तिवारी, अभिहित अधिकारी एलएम पाण्डे सहित तहसीलदार व सम्बन्धित अधिकारी मौजूद थे।





