पंत विवि में दिखा नवाचार और गुणवत्ता का संगम
पंतनगर।(,लोक निर्णय) गुणवत्ता,नवाचार और निरंतर सुधार के क्षेत्र में औद्योगिक उत्कृष्टता का एक प्रभावशाली मंच बने 12वें रुद्रपुर कन्वेंशन ऑन क्वालिटी कॉन्सेप्ट्स (RCCQC-2026) का आयोजन गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में हुआ। QCFI रुद्रपुर चैप्टर द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन में 51 टीमों ने भाग लिया, जिनमें 300 से अधिक प्रतिभागियों ने अपने उत्कृष्ट सुधार प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। आयोजन में देश के विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के साथ-साथ अन्य देशों से भी टीमों की सहभागिता रही, जिससे यह सम्मेलन राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गुणवत्ता एवं निरंतर सुधार की बढ़ती स्वीकार्यता का महत्वपूर्ण मंच बना। टीमों ने गुणवत्ता, उत्पादकता, सुरक्षा, लागत में कमी, कार्यप्रणाली में सुधार और औद्योगिक समस्याओं के व्यवस्थित समाधान से जुड़े अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। विभिन्न उद्योगों से आए कर्मचारियों एवं टीम सदस्यों ने अपने कार्यस्थलों पर लागू किए गए व्यावहारिक सुधारों, नवाचारों और समस्या-समाधान तकनीकों को प्रस्तुत कर गुणवत्ता संस्कृति की प्रभावी मिसाल पेश की।
समापन समारोह में जीबी पंत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप मुख्य अतिथि तथा कॉलेज ऑफ एग्री-बिजनेस मैनेजमेंट के डीन डॉ. आर.एस. जदौन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अशोक लेलैंड के नॉर्थ रीजन TQM हेड श्री निखिलेश कुमार शांडिल्य तथा RIT कॉलेज, रुद्रपुर के निदेशक श्री आर.के. बंसल ने विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। NIELIT हरिद्वार एवं गोरखपुर के निदेशक डॉ. अनुराग कुमार कार्यक्रम से संरक्षक के रूप में जुड़े। प्रो. बी. कुमार, चेयरमैन, QCFI हरिद्वार चैप्टर ने कन्वीनर तथा श्री साहिल सिंह राणा, चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर, QCFI हरिद्वार चैप्टर ने आयोजन सचिव की भूमिका निभाई।कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण आकर्षण जीबी. पंत विश्वविद्यालय, NIELIT हरिद्वार और QCFI के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर रहा। इस साझेदारी का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करना तथा उद्योग, तकनीकी संस्थानों और अकादमिक जगत के बीच सहयोग को मजबूत करना है। इसके अंतर्गत कौशल विकास, अनुसंधान एवं नवाचार, डिजिटल एवं इंडस्ट्री 4.0 समाधान, औद्योगिक परामर्श, उद्यमिता और छात्र सहभागिता जैसे क्षेत्रों में संयुक्त रूप से कार्य करने की परिकल्पना की गई है।प्रतियोगिता में प्रस्तुत सभी प्रोजेक्ट्स का मूल्यांकन चार सदस्यीय सम्मानित निर्णायक मंडल आरके सिंह, प्रियंक भट्ट, समीर चावला एवं पंकज कुमार यादवद्वारा किया गया। मूल्यांकन के उपरांत विश्वविद्यालय परिसर स्थित गांधी हॉल ऑडिटोरियम में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को सम्मानित किया गया।गोल्ड अवॉर्ड प्राप्त करने वाली टीमें दिसंबर 2026 में भुवनेश्वर में आयोजित होने वाले QCFI के राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेंगी।RCCQC-2026 ने उत्तराखंड में औद्योगिक गुणवत्ता, टीमवर्क, नवाचार और निरंतर सुधार की संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ उद्योग, शिक्षा और तकनीकी संस्थानों के बीच सहयोग को नई दिशा प्रदान की। 51 टीमों, 300 से अधिक प्रतिभागियों तथा देश-विदेश से हुई सहभागिता ने इस आयोजन को गुणवत्ता आंदोलन के व्यापक प्रभाव और बढ़ती वैश्विक भागीदारी का महत्वपूर्ण मंच बनाया।





