क्रेडिट वार के बाद गले मिले शिव और विकास, चुनावी चर्चाओं को मिली नई हवा
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) ड्रेनेज प्लान और देवभूमि प्रवेश द्वार की स्वीकृति को लेकर पिछले एक सप्ताह से विधायक शिव अरोरा और नगर निगम के महापौर विकास शर्मा के बीच चल रही क्रेडिट वार पर फिलहाल विराम लग गया है। सोमवार को देहरादून में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर एकजुटता का संदेश दिया।बीते दिनों ड्रेनेज प्लान और देवभूमि प्रवेश द्वार की स्वीकृति को लेकर दोनों नेताओं की ओर से अलग-अलग दावे किए गए थे। इसे लेकर राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा रही, वहीं समर्थकों के बीच भी श्रेय लेने की होड़ दिखाई दी।देहरादून में दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान उनके चेहरों पर मुस्कान और आत्मीयता साफ नजर आई। इस घटनाक्रम ने रुद्रपुर की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को अहम मान रहे हैं। शहर में इसे लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे संगठन की ओर से एकजुटता का संदेश मान रहे हैं, तो कुछ इसे चुनाव से पहले संभावित मतभेदों को खत्म करने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।





