कुलपति ने किया ‘पंत गौरव’ समारोह का शुभारंभ
पंतनगर। (लोक निर्णय) पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की 139वीं जयंती के उपलक्ष्य में पंत भवन, गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस श्रृंखला की शुरुआत बैडमिंटन प्रतियोगिता के साथ हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को विश्वविद्यालय के कुलपति डा. शिवेंद्र कुमार कश्यप तथा अधिष्ठाता पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय एवं मुख्य अभिरक्षक पंत भवन डा. देवेन्द्र कुमार ने पहला बैडमिंटन शॉट खेलकर किया गया।जिसके साथ ही पंत जयंती 2026 “पंत गौरव” का विधिवत शुभारंभ हुआ।इ कुलपति ने विद्यार्थियों को बढ़-चढ़कर प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।जिससे विद्यार्थियों में अनुशासन की भावना तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। उन्होंने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन का संक्षिप्त परिचय भी दिया तथा उपस्थित सभी को उनके बताए मार्ग पर चलने की सलाह दी। साथ ही कुलपति ने विश्वविद्यालय के छात्र छात्राओं के बीच सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए पंत गौरव के कार्यक्रमों की सराहना की।कार्यक्रम में अभिरक्षक पंत भवन डा. सतीश कुमार, सह-अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा. छाया शुक्ला, शारीरिक शिक्षा प्रभारी डा. जी.एस. बोरा, डा. भास्कर तिवारी, डा. पूनम त्यागी, डा. एचएस पपोला सहित विश्वविद्यालय के स्टाफ और प्रतियोगी छात्र उपस्थित रहे। पंत गौरव समारोह 10 सितंबर 2026 तक चलेगा, जिसके अंतर्गत बैडमिंटन, वॉलीबॉल, शतरंज, फोटोग्राफी, टेबल टेनिस, वाद-विवाद, चित्रकला प्रतियोगिता, गायन प्रतियोगिता एवं नृत्य प्रतियोगिता जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा 10 सितंबर को पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी के जन्मदिवस के पावन अवसर पर इस 10 दिवसीय कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।





