कांवड़ यात्रा मार्ग पर सावनभर बंद रहेंगी मांस-मछली की दुकानें
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर नगर निगम ने बड़ा निर्णय लिया है। महापौर विकास शर्मा के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग पर सावन माह के दौरान मांस, मछली एवं अंडे की दुकानें बंद रहेंगी। साथ ही प्रमुख शिव मंदिरों और यात्रा मार्गों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
यह निर्णय विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन पर लिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से मुलाकात कर कहा कि सावन में बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार सहित विभिन्न तीर्थस्थलों से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा करते हैं। ऐसे में यात्रा मार्ग पर मांस, मछली एवं अंडे की दुकानों के खुले रहने तथा कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक न होने से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं और विवाद की स्थिति भी बन सकती है।प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि श्रावण मास के दौरान यात्रा मार्ग पर संचालित मांस, मछली एवं अंडे की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद कराया जाए। इसके अलावा यात्रा मार्गों पर नियमित सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही जिला प्रशासन से सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया।
महापौर विकास शर्मा ने मांगों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए नगर निगम अधिकारियों को तत्काल निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर सावनभर मांस-मछली की दुकानें बंद रखी जाएं और प्रमुख शिव मंदिरों सहित यात्रा मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर नियमित स्वच्छता सुनिश्चित की जाए।महापौर ने कहा कि श्रावण मास शिवभक्तों की आस्था का पर्व है और नगर निगम श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करेगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष रविन्द्र पाल सिंह, जिला मंत्री राजेन्द्र सिंह मेहरा, नगर अध्यक्ष सचिन शर्मा सहित विहिप एवं बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे





