सरदार पटेल के योगदान को याद किया गया
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन रेड क्रॉस प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। महाविद्यालय के स्वयंसेवियों द्वारा परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत परिसर की साफ-सफाई की गई, गाजर घास का उन्मूलन किया गया तथा प्लास्टिक कचरे का एकत्रीकरण कर उसका उचित निस्तारण किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए.एन. सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के आदर्शों एवं उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही हम समाज और राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान दे सकते हैं।रेड क्रॉस प्रभारी डॉ. शिल्पी अग्रवाल ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल एक विचार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में सहयोग, समरसता एवं सेवा की भावना को बढ़ावा देने का आह्वान किया।वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. सर्वजीत सिंह ने राष्ट्रीय एकता दिवस के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता प्राप्ति के समय देश अनेक रियासतों में विभाजित था। सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति, कूटनीतिक कुशलता एवं नेतृत्व क्षमता के बल पर देशी रियासतों के भारतीय संघ में विलय की ऐतिहासिक प्रक्रिया को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके अथक प्रयासों से देश की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ आधार मिला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देता है। रेड क्रॉस के स्वयंसेवियों ने भी सरदार पटेल के अमूल्य योगदान एवं राष्ट्रीय एकता के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए।कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. दीपा गोबाड़ी, प्रो. एस.एस. मौर्य, प्रो. नीलोफर अख्तर, डॉ. प्रद्युम्न रिछारिया, डॉ. वी. खान, डॉ. वसुंधरा, डॉ. शुक्ला, डॉ. प्रदीप, डॉ. विपिन चंद्र, डॉ. दीप चंद्र एवं डॉ. आरती सहित रेड क्रॉस एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवी, कर्मचारीगण तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





