मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव रख प्राचीन मंदिरों एवं ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब को मानसखंड मंदिर माला मिशन से जोड़ेंगे विवेक
किच्छा।(लोक निर्णय) नगर की सबसे प्राचीन एवं ऐतिहासिक रामलीला का नवीन कला केंद्र द्वारा पुरानी गल्ला मंडी स्थित रामलीला मंच पर भव्य आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि व भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक दीप सिंह ने दीप प्रज्वलित कर रामलीला मंचन का विधिवत शुभारंभ किया तथा मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त किया।उन्होंने कहा कि किच्छा केवल एक नगर नहीं, बल्कि ऐतिहासिक, पौराणिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं व्यापारिक विरासत से समृद्ध नगरी है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि लंबे समय से बाहर से आए जनप्रतिनिधियों द्वारा इस ऐतिहासिक नगरी की लगातार उपेक्षा की जाती रही है। परिणामस्वरूप यहां के प्राचीन मंदिरों, ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब एवं अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक धरोहरों को वह पहचान, सम्मान और संरक्षण नहीं मिल सका, जिसकी वे वास्तविक हकदार हैं।विवेक दीप सिंह ने कहा कि प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद एवं क्षेत्र की देवतुल्य जनता के स्नेह, विश्वास और समर्थन से आज हम इस स्थिति में हैं कि अपनी नगरी की आवाज को शासन के उच्चतम स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकें। अब किच्छा की ऐतिहासिक एवं धार्मिक विरासत की उपेक्षा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि किच्छा के विभिन्न प्राचीन मंदिरों एवं ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब को माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत कर मानसखंड मंदिर माला मिशन से जोड़ने का कार्य करेंगे। इसके माध्यम से क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का संरक्षण, सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जाएगा।उन्होंने कहा कि किच्छा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर उचित स्थान दिलाना हमारा संकल्प है। इस पहल से जहाँ हमारी ऐतिहासिक धरोहरों को नई पहचान मिलेगी, वहीं धार्मिक पर्यटन के विस्तार से स्थानीय व्यापार, रोजगार एवं क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।विवेक दीप सिंह ने कहा कि हमारा संकल्प केवल किच्छा का विकास करना नहीं, बल्कि उसकी ऐतिहासिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत एवं स्वाभिमान को पुनः स्थापित करना है। किच्छा को उसका खोया हुआ गौरव, मान और सम्मान दिलाकर ही हम अपने संकल्प को सार्थक करेंगे। इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पंडित नगत शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश उपाध्याय, भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री अक्षय अरोड़ा, प्रह्लाद खुराना, सुनील गुप्ता, मोहन चोपड़ा, उमेश अग्रवाल, जितेंद्र कुमार अग्रवाल, हरीश सक्सेना, दिव्यांशु अग्रवाल, नितेश बाला, ओम प्रकाश अग्रवाल, सन्नी अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल आदि मौजूद थे।





