मांगों को लेकर देसी समाज के लोग गरजे
रुद्रपुर।(लोक निर्णय) नजूल भूमि पर बसे लोगों को मालिकाना हक सहित आदि मांगों को लेकर देशज सर्वोदय सांस्कृतिक समिति के लोगों ने रोडवेज के पास शासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रोष जताया।साथ ही अल्टीमेटम दिया कि मांगों पर जल्द गौर नहीं किया गया तो आंदोलन की रणनीति बनायी जाएगी।इस दौरान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष कल्याण सिंह ने कहा कि उत्तराखंड राज्य बनने के बाद भी देसी समाज की सरकारों ने उपेक्षा की है।साथ ही प्रदेश सरकारों पर समाज के साथ सौतेला व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। जबकि उत्तराखंड के निर्माण में देसी समाज के लोगों ने पर्वतीय समाज के साथ मिलकर अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने सरकार से नजूल भूमि पर बसे लोगों को निःशुल्क मालिकाना हक देने, सभी को एक समान शिक्षा,चिकित्सा और रोजगार देने, बिना भेदभाव के राज्य में परिसीमन जनसंख्या के आधार पर समान रूप से लागू करने,पंत विवि को केंद्रीय विवि का दर्जा देने आदि मांग की।वक्ताओं ने कहा कि 23 नवंबर को उत्तराखंड शासन को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। धरना देने वालों में संरक्षक अधिवक्ता जुगल बल्लभ गोस्वामी,अनंतराम पाल, जेएन तिवारी, जमुना प्रसाद, सबाहत हुसैन खान, विजय पाल, डॉ.उमा शंकर, करन पाल सिंह, दूधिया बाबा मंदिर के शिवानंद महाराज, बुद्धसेन सागर,परवेज आलम आदि शामिल थे।





