पेट्रोल पदार्थों के मूल्य वृद्धि में सरकार करें कटौती
रुद्रपुर।(लोक निर्णय) कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉक्टर गणेश उपाध्याय ने कहा कि जब ईरान-अमेरिका युद्ध समाप्त होने के बाद कच्चे पेट्रोलियम पदार्थ के दाम 120 डॉलर से घटकर 70-78 डॉलर प्रति बैरल हो गए हैं। समय आ गया है कि सरकार बढ़ती महंगाई पर काबू पाने के लिए पेट्रोलियम पदार्थों पर मूल्य वृद्धि में कटौती करे। वर्ष 2014 से पहले की सरकार ने कच्चे तेल की कीमत 120 डॉलर प्रति बैरल होने के बावजूद पेट्रोल की कीमत 63 रुपये और डीजल की कीमत 56 रुपये से ऊपर नहीं बढ़ने दी थी। उत्तराखंड में पेट्रोल की कीमत लगभग 95-105 रुपये प्रति लीटर है, जिसमें कच्चे तेल, रिफाइनिंग और परिवहन पर 45-55 रुपये प्रति लीटर खर्च होता है, पेट्रोल पंप डीलर को 3-5 रुपये प्रति लीटर कमीशन मिलता है, और केंद्र और राज्य सरकार को विभिन्न करों से 20-35 रुपये प्रति लीटर की आय होती है। सरकार जनता को राहत प्रदान करने के लिए VAT में कमी, घरेलू बिजली दरों में राहत, किसानों को सस्ता डीजल, रसोई गैस पर सब्सिडी बढ़ाने और सार्वजनिक परिवहन को सस्ता करने जैसे कदम उठाए। इस प्रकार, सरकार को अपने लाभ का एक हिस्सा जनता को सस्ती बिजली, सस्ता ईंधन और बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं के रूप में वापस करना चाहिए।





