ऊधम सिंह नगर

दीपोत्सव में भारत माता के जयकारों से गूंजा श्रीराम पार्क

रुद्रपुर। (लोक निर्णय) श्रीराम पार्क में नगर निगम की ओर से आयोजित स्वदेशी दीपावली मेले में शनिवार की शाम दीपोत्सव का आयोजन उत्साह, उमंग और देशभक्ति के रंगों के बीच संपन्न हुआ। दीपोत्सव के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय श्रीराम के गगनभेदी नारों से पूरा मेला परिसर गूंज उठा। दीपों की रोशनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी के बीच उत्सव का माहौल देखते ही बन रहा था।मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने महापौर विकास शर्मा के साथ मेले का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्थानीय व्यापारियों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की।जिलाधिकारी ने मेले में लगे विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया और दुकानदारों से उनके कारोबार तथा नगर निगम की ओर से की गई व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मिट्टी के दीये खरीदकर स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। वहीं मेले में पान की दुकान पर पहुंचकर पान का स्वाद भी लिया। जिलाधिकारी ने दुकानदारों से बातचीत करते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि स्थानीय व्यापारियों तथा छोटे उद्यमियों को ऐसे आयोजनों से बेहतर अवसर मिलते हैं। व्यापारियों ने भी जिलाधिकारी को दीप भेंटकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके आगमन पर प्रसन्नता जताई।जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कहा कि नगर निगम की इस शानदार पहल के लिए महापौर और उनकी पूरी टीम बधाई की पात्र है। यह मेला अब वृहद स्वरूप ले चुका है। यहां एक ही स्थान पर सभी तरह का सामान उपलब्ध है। बच्चों के मनोरंजन से लेकर परिवारों के लिए जरूरी सुविधाओं तक का बेहतर इंतजाम किया गया है। ऐसे आयोजन त्योहारों की खुशियां मिल-जुलकर बांटने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे पर्व पर स्थानीय व्यापारियों और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करना भी बेहद जरूरी है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है और छोटे कारोबारियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।महापौर विकास शर्मा ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिलाधिकारी नितिन भदौरिया का लगातार मार्गदर्शन और सहयोग मिलता रहा है। उनके सहयोग से शहर के विकास कार्यों को गति देने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि पिछली बार कम समय में आनन-फानन में मेले का आयोजन किया गया था, लेकिन इस बार इसे भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया गया है। नगर निगम का उद्देश्य केवल मेला आयोजित करना नहीं, बल्कि शहर के लोगों को खुशियां देना, स्थानीय व्यापारियों को आगे बढ़ाना और शहर के विकास में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर धीरेन्द्र मिश्रा, राजेश जग्गा, पवन गावा, गौरव जुयाल, पार्षद पवन राणा, उद्योगपति सौरभ अग्रवाल, रमेश कालड़ा सहित नगर निगम के पार्षद, नामित पार्षद, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, स्थानीय व्यापारी और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।

locnirnay@gmail.com

locnirnay@gmail.com

About Author

You may also like

ऊधम सिंह नगर

यूएस नगर में शपथ नहीं ले पाए 99 ग्राम प्रधान, मायूस

लोक निर्णय,रुद्रपुर: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कड़े मुकाबले में प्रधान तो चुने गए, मगर कोरम पूरा न होने पर 99
ऊधम सिंह नगर

जिला जल एवं स्वच्छता मिशन बैठक – पेयजल के लिए 636.14 करोड़ स्वीकृत

लोक निर्णय,रुद्रपुर: पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री व सांसद अजय भट्ट ने चार सितंबर को कलक्ट्रेट के सभागार