चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के 74 छूटे तोकों में हो रहा विद्युतीकरण, जिसमें से करीब 38 में बिजली आपूर्ति शुरू
चम्पावत। (लोक निर्णय) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के 74 छूटे हुए तोकों में बिजली पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 499.68 लाख रुपये है। इसके सापेक्ष शेष 199.872 लाख रुपये की धनराशि जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।ऊर्जा निगम (यूपीसीएल) के अधिशासी अभियंता गोविन्द सिंह कार्की ने बताया कि अब तक करीब 38 तोकों में विद्युतीकरण का कार्य पूरा कर बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है। शेष तोकों में विद्युत लाइन बिछाने और आपूर्ति शुरू करने के लिए जरूरी कार्य जारी हैं।अधिशासी अभियंता ने बताया कि पटेली गांव में बिजली पहुंचाने का कार्य 20 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि घोषणा में शामिल सभी तोकों में विद्युतीकरण का काम दिसंबर के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कार्यदायी संस्था और विभागीय अभियंताओं को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर शेष तोकों में घरों तक बिजली पहुंचाने के निर्देश दिए।





