चम्पावत में गूंजा ‘नशा मुक्त युवा:विकसित भारत’ का संकल्प, विद्यार्थियों ने सुना प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन
चम्पावत। (लोक निर्णय) जनपद चम्पावत में रविवार को ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को सामूहिक रूप से सुना और नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुनते हुए युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और स्वस्थ, अनुशासित व जागरूक जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और नशामुक्त समाज इस लक्ष्य की पहली शर्त है।जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में ‘ड्रग फ्री देवभूमि’ अभियान प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें।उन्होंने कहा कि योग, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाकर युवा अपनी ऊर्जा को सही दिशा दे सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया और जनजागरूकता फैलाने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, मुख्य शिक्षाधिकारी मान सिंह, विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष मोहित पाण्डेय, बजरंग दल के विभाग संयोजक चन्दन सिंह बिष्ट, विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





