चंपावत में उच्च शिक्षा में विद्यार्थियों का संवर रहा भविष्य
चम्पावत।चंपावत के स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में महिला छात्रावास व आइटी लैब से युवाओं का भविष्य संवर रहा है। धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश के सीमांत क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा का सुदृढ़ीकरण निरंतर जारी है। इसी श्रृंखला में, चम्पावत स्थित सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के अधीन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर (फुलारागांव) में लगभग 7.18 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक छात्रावास एवं आईटी लैब (कम्प्यूटर लैब) की सुविधाओं से विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिल रहा है। वर्ष 2023 में महाविद्यालय को परिसर (Campus) का दर्जा मिलने के उपरांत बुनियादी ढांचे के इस सुदृढ़ीकरण से स्थानीय छात्र-छात्राओं को अपने ही क्षेत्र में उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण प्राप्त हो रहा है।परिसर में निर्मित छात्रावास से दूर-दराज तथा दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुलभ और अनुकूल आवास सुविधा मिल रही है, जिससे उन्हें प्रतिदिन लंबी दूरी तय करने की समस्या से मुक्ति मिली है। वहीं, अत्याधुनिक आईटी लैब की सुविधा उपलब्ध होने से स्थानीय युवा सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में व्यावहारिक ज्ञान हासिल कर रहे हैं। कंप्यूटर व आईटी कौशल के सुदृढ़ीकरण से छात्र-छात्राएं आधुनिक डिजिटल युग की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को सशक्त बना पा रहे हैं और रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार हो रहे हैं। आइटी व डिजिटल सुविधाओं का निरंतर विस्तार चम्पावत को उच्च शिक्षा के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित कर रहा है। यह पहल सीमांत क्षेत्र के विद्यार्थियों को उनके घर के समीप ही सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को चरितार्थ करती है।





