घायल युवक का हाल जानने अस्पताल पहुंचे विकास और रामपाल
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) काशीपुर रोड पर वाहनों की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। घटना में घायल युवक अभिषेक का राममूर्ति अस्पताल में उपचार चल रहा है।इसी बीच महापौर विकास शर्मा और दर्जा मंत्री रामपाल सिंह ने आज राममूर्ति अस्पताल पहुंचकर घायल अभिषेक का हाल जाना और उसके परिजनों से मुलाकात की। महापौर ने चिकित्सकों से घायल युवक के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली तथा उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि उपचार और न्याय के मामले में परिवार को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।महापौर इससे पूर्व कोतवाली भी पहुंचे, जहां पीड़ित पक्ष की ओर से धरना दिया जा रहा था। उन्होंने धरने पर बैठे लोगों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली और निष्पक्ष जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।महापौर विकास शर्मा ने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। वाहनों की टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और इसके बाद मारपीट की स्थिति बनी, जिसमें अभिषेक घायल हुआ है। उन्होंने कहा कि घटना में कौन दोषी है और किसकी कितनी भूमिका है, यह पुलिस की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। इसलिए किसी भी पक्ष को जांच पूरी होने से पहले दोषी ठहराना उचित नहीं है।उन्होंने कहा कि पुलिस को पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच करनी चाहिए और जो भी व्यक्ति कानून तोड़ने का दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों से भी बातचीत की गई है।उन्होंने कहा कि घटना में घायल युवक नगर निगम की महिला सफाई कर्मचारी का पुत्र है। नगर निगम उसके परिवार के साथ खड़ा है। उसकी चिकित्सा, परिवार की चिंता और न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग किया जाएगा। लेकिन किसी भी घटना को राजनीतिक रंग देकर माहौल खराब करना उचित नहीं है।महापौर ने कहा कि “न्याय तभी होगा जब जांच निष्पक्ष होगी। पुलिस को बिना किसी दबाव के तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए। जो दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और निर्दाेष को किसी भी तरह से परेशान नहीं किया जाना चाहिए।





