कुलपति बनते ही एक्शन मोड में डॉ. शिवेंद्र: सीधे सुनेंगे हर समस्या
पंतनगर। (लोक निर्णय)गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के नव नियुक्त कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप पद संभालते ही एक्शन मोड में आ गए हैं। विवि की शिक्षा के साथ विवि परिवार की बेहतरी के लिए कदम उठाना शुरू कर दिया है।उन्होंने विद्यार्थियों,अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के हित में बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने आज आदेश जारी किया है कि सप्ताह में तीन दिन यानी सोमवार, गुरुवार और शनिवार को लोग व्यक्तिगत रूप से उनसे मिलकर कुलपति कार्यालय में अपनी समस्याएं या सुझाव सीधे रख सकेंगे। कुलपति डॉ. शिवेंद्र की इस ‘ओपन डोर’ पहल को परिसर में पारदर्शिता और संवाद बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटक रहे विद्यार्थियों और कर्मचारियों को अब सीधे शीर्ष स्तर पर अपनी बात रखने का मौका मिलेगा। जिससे लोगों की समस्याओं का समाधान हो सकेगा। विश्वविद्यालय समुदाय में इस फैसले की जमकर सराहना हो रही है। विद्यार्थियों का कहना है कि इस पहल से न केवल समस्याओं का त्वरित समाधान होगा, बल्कि प्रशासन और आमजन के बीच दूरी भी कम होगी। वहीं कर्मचारियों और शिक्षकों ने इसे संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन की शुरुआत बताया है।डॉ. कश्यप का यह कदम साफ संकेत देता है कि वे विश्वविद्यालय में संवाद, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता देने वाले नेतृत्व की ओर बढ़ रहे हैं। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए बताया कि इससे विवि परिवार एकजुट होकर शिक्षा,शोध की गुणवत्ता को आगे बढ़ाने में खड़ा रहेगा और इसका लाभ किसानों के साथ देश के लोगों को भी मिलेगा। हरित क्रांति का श्रेय लेने वाला पंत विवि का एक बार फिर देश_विदेश में कृषि क्षेत्र में पहचान बनाएगा।



